Mau: एटीएम से पैसे निकाल रहे सफाई नायक का डेबिट कार्ड छीनकर फरार हुए कार सवार, जांच में जुटी पुलिस
मऊ के कोपागंज नगर पंचायत में सफाई नायक के रूप में कार्यरत प्रमोद कुमार राय गुरुवार को एटीएम से पैसने निकालने पहुंचे। पैसे निकालकर जैसे वो बाहर निकले तो उनका डेबिट कार्ड छीनकर तीन बदमाश कार से फरार हो गए।
विस्तार
मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित एसबीआई बैंक परिसर में लगे एटीएम में गुरुवार दोपहर एक अलग तरह की घटना घटी। जहां एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे सफाई नायक का डेबिट कार्ड छीनकर तीन बदमाश कार से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना के संबंध में कोपागंज थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कोपागंज थाना क्षेत्र के डांडी निवासी प्रमोद कुमार राय ने बताया कि वह कोपागंज नगर पंचायत में सफाई नायक के रूप में कार्यरत हैं। गुरुवारसुबह करीब साढ़े दस बजे नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में लगे एटीएम से पैसा निकालने गए थे। उसी दौरान एक कार में सवार तीन युवक भी पैसा निकालने पहुंचे।
प्रमोद राय जैसे ही पैसा निकालकर बाहर निकले तीनों प्रमोद राय पर झपट पड़े और डेबिट कार्ड छीनकर फरार हो गए। शोरगुल करने पर आसपास के लोगो की भीड़ जुट गई, लेकिन तब तक तीनों बदमाश कार से फरार हो चुके थे। प्रमोद राय का आरोप है कि एटीएम से पैसे निकालते वक्त तीनों बदमाश पीछ खड़े थे। उन्होंने ये देखा कि मेरे बैंक खाते में लाखों रुपये हैं।
पुलिस की सक्रियता पर सवाल
दिनदहाड़े हुई इस घटना से लोगों ने कोपागंज पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए। घटना के संबंध में एसओ कोपागंज अमित मिश्रा ने कहा कि डेबिट कार्ड छीनने वाले युवकों की तलाश जारी है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर जांच की जा रही है। आसपास के दुकानों से सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की सहायता ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।