बढुआगोदाम। परदहां ब्लॉक क्षेत्र के रैकवारेडीह गांव में चल रही चकबंदी प्रक्रिया को लेकर काश्तकारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। काश्तकारों ने चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाते हुए इसे निरस्त कर पुनः चकबंदी अधिनियम की धारा 6(3) के तहत शामिल किए जाने को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि गत 14 जुलाई को मुख्य राजस्व अधिकारी की मौजूदगी में हुई बैठक में करीब 350 काश्तकार मौजूद थे, जिसमें लगभग 343 काश्तकारों ने चकबंदी नहीं कराने के पक्ष में हाथ उठाकर अपनी सहमति जताई थी, इसके बावजूद प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है।
आरोप लगाया है कि चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता, गुटबंदी और बिचौलियों की भूमिका के कारण किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। चकबंदी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में श्रीप्रकाश सिंह,अमित कुमार, दिनेश सिंह, हरिनाथ यादव, सत्यपाल सिंह, आनंद सिंह, राजू आदि शामिल थे।