कोपागंज । थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सेंदुराइच में बुधवार की दोपहर 12 बजे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से लगी आग ने दर्जनों किसानों के 30 बीघा गेहूं को जला कर राख कर दिया। मशक्कत के बाद किसानों ने आग पर काबू पाया। ग्राम प्रधान व लेखपाल नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने में जुट गए हैं। सेंदुराइच के किसान जितेंद्र यादव, विजेंद्र यादव, गुलाब यादव, योगेंद्र नाथ पांडेय, धर्मेंद्र पांडेय, कमला यादव, मुसाफिर, जगदीश पांडेय, सेराज अहमद, देवेंद्र पांडेय, राजेंद्र यादव, राधेश्याम पांडेय, लड्डू यादव सहित दर्जनो किसान के गेहूं की फसल तैयार खड़ी थी। वह एक दो रोज में फसल काटने की योजना बना रहे थे की खेत के बगल में लगे ट्रांसफार्मर में फाल्ट से निकली चिंगारी से फसल में आग लग गई। देखते ही देखते और पछुआ हवा ने पास के कई खेतों को अपनी चपेट में ले लिया और उनमें खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग की तेज लपटें उठती देख आसपास के कई गांव के लोग पहुंच गए और मशक्कत से आग पर काबू पाया। सूचना जिले के अधिकारियों को लगी तो तत्काल मौके पर संबंधित हल्का लेखपाल को भेजकर सर्वे रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। मुहम्मदाबाद गोहना : तहसील क्षेत्र के अरईला गॉव में सुबह 9.30 बजे खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली तारों की स्पर्किंग से निकली चिनगारी ने पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख कर दी। ग्रामीणो की मौजूदगी से बड़ा नुकसान होने से बच गया। अरैला गॉव के किसान त्रिभुवन राम, संकठा चौहान, गोविंद राम आदि किसानों के पांच बीघे खेत की फसल राख हो गई। आगजनी की घटना से उच्चाधिकारियों को कि अवगत करवाने के बाद राजस्व विभाग से क्षेत्रीय लेखपाल अक्षय कुमार गिरी मौके पर पहुंच कर फसल के नुकसान का आकलन करने में जुटे थे।