मथुरा। यम द्वितीया पर्व पर यमुना में स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। बृहस्पतिवार को नगर निगम की ओर से विभिन्न यमुना घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों ने घाटों के किनारों पर जमा गाद निकलवाई और सीढ़ियों की सफाई की। अमर उजाला में खबरें प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने कार्य कराने की सुध ली है।
अधिकारियों के अनुसार, घाटों की सफाई के बाद श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। घाटों के दोनों ओर खोया-पाया शिविर स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्नान के दौरान बिछड़ने वाले लोगों और बच्चों को उनके परिजन तक पहुंचाने में मदद मिल सके। इसके अलावा घाटों पर सजावट और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त होंगे। अंधेरे वाले स्थानों पर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। घाटों की दीवारों पर वॉल पेंटिंग कराकर सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। पर्व से पहले सफाई और व्यवस्थाओं को पूरा कराने की तैयारी है, जिससे यम द्वितीया पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नगर स्वास्थ्य अधिकारी राम गोपाल का कहना है कि सफाई अभियान जारी है। घाटों पर यम द्वितीया से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जाएंगी।