फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mathura News ›   Parking a vehicle in Municipal Corporation parking will be expensive

Mathura News: नगर निगम की पार्किंग में वाहन खड़ा करना पड़ेगा महंगा

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 31 Dec 2023 12:21 AM IST
विज्ञापन
Parking a vehicle in Municipal Corporation parking will be expensive
मथुरा। नगर निगम द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से संचालित पार्किंग में एक अप्रैल से वाहन खड़े करना श्रद्धालुओं व शहरवासियों को महंगा पड़ेगा। शनिवार को बोर्ड बैठक में हंगामे के बीच पार्किंग शुल्क दोगुना करते हुए घंटावार शुल्क वसूली के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई। वहीं, ठेके की दरें भी दोगुनी कर दी गई हैं। नए वित्तीय वर्ष में इन्हीं दरों से पार्किंग ठेके आवंटित होंगे। बैठक में नौ प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से 8 पास हो गए। एमवीडीए को कृष्णा नगर में 600 वर्ग गज भूमि देने का प्रस्ताव पार्षदों की आपत्ति के कारण स्थगित कर दिया गया।
विज्ञापन


मेयर विनोद अग्रवाल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक दोपहर एक बजे शुरू हुई। पहले पहर में प्रस्तावों को रखा गया और चर्चा की गई। कई प्रस्तावों पर आपत्तियां आईं, जिनका मेयर और नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने समाधान करने की कोशिश की। हालांकि इस दौरान बीच-बीच में हंगामा होता रहा। बलदेव विधायक पूरन प्रकाश भी बैठक में आए। उन्होंने संबोधन शुरू किया तो पार्षद भड़क गए। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं है। इसके चलते बैठक का माहौल बिगड़ा और प्रश्नकाल नहीं हो सका। ऐसे में शहर की समस्याओं पर पार्षद जो सवाल अधिकारियों और मेयर के समक्ष लेकर पहुंचे थे, वे नहीं रखे जा सके।
विज्ञापन



किस पार्षद ने क्या कहा
पार्षद तेजवीर सिंह ने हाउस टैक्स वसूली के लिए दिए जा रहे डिमांड नोटिस पर आपत्ति करते हुए कहा कि अव्वल तो डिमांड नोटिस देरी से दिए जा रहे हैं। उस पर भी 18 प्रतिशत ब्याज लगाया जा रहा है। नीलम गोयल ने कहा कि जीआईएस सर्वे में तमाम खामियां हैं, उसे फिर से कराया जाए। राकेश भाटिया ने कहा कि टैक्स को बोझ की तरह जनता पर डाला जा रहा है। हाउस टैक्स में 10 प्रतिशत की छूट महज इसी वर्ष के बिल पर दी जा रही है, पिछले दो वर्षों पर नहीं। चौधरी राजवीर सिंह ने कहा कि वसूली कैंप में जीआईएस सर्वे करने वाली कंपनी का कोई प्रतिनिधि नहीं रहता है। ऐसे में मौके पर निस्तारण नहीं हो पाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि नोटिस को महज सूचना की तरह समझें। कैंप में जाकर नोटिस पर आपत्ति जताएं, आपत्ति निस्तारण के बाद टैक्स जमा करें। पार्षद संजय अग्रवाल ने कहा कि यमुना में गिर रहे नालों को महज कागजों में ही टेप कराया है। एसटीपी भी संचालित नहीं होता। पार्षद रेनू ने पंचकोसीय परिक्रमा पर भारत माता की प्रतिमा लगाने का सुझाव रखा, इस पर सभी पार्षदों ने सहमति दी। घनश्याम चौधरी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर किसी एक चौराहे के नामकरण की मांग रखी, जिस पर सहमति बनी और प्रस्ताव मांगा गया। मनोहरपुर के पार्षद ने विधायक पूरन प्रकाश पर आरोप लगाया कि जिस मनोहरपुरा वार्ड में वह रहते थे वहां गड्ढे और गंदगी व्याप्त है। पार्षद मुन्ना मलिक ने साफ-सफाई, टीनशेड, सफाई कर्मियों की कमी पर अपनी बात रखी।


विकास समिति गठित नहीं
पार्षद नीनू कुंज बिहारी भारद्वाज ने कहा कि नगर निगम में विकास समिति का ही गठन नहीं हुआ है तो शहरी क्षेत्र का विकास कैसे होगा। इस पर पार्षदों का उनको समर्थन मिला। मेयर ने आश्वासन दिया कि जल्द ही विकास समिति का गठन करेंगे।


नाला सफाई और जलभराव पर रखी कार्ययोजना
नाला सफाई से नाखुश पार्षदों के समक्ष नगर आयुक्त ने बताया कि एजेंसी की तलाश की जा रही है। वहीं, जलभराव के मुद्दे पर बताया कि नया बस अड्डा अंडरपास और भूतेश्वर अंडरपास के लिए क्रमशः 7.50 करोड़ और 10 करोड़ की डीपीआर तैयार की गई है। इसके लिए बजट भी शासन से मांगा गया है।


पार्षदों को अंग्रेजी में दे दिया वित्तीय लेखा-जोखा
बोर्ड बैठक में सभी पार्षदों को विभिन्न मदों में खर्च और कमाई के लेखा जोखा की एक फाइल दी गई। यह फाइल अंग्रेजी में प्रकाशित कराई गई थी, जिसको लेकर पार्षदों ने आपत्ति जाहिर की। पार्षदों ने सामूहिक रूप से कहा कि कई पार्षद कम पढ़े लिखे हैं और कई तो बिल्कुल भी पढ़े नहीं हैं। ऐसे में अंग्रेजी में प्रकाशित वित्तीय लेखा-जोखा देकर पार्षदों का मखौल उड़ाया गया है।


इस प्रकार लागू होंगी पार्किंग की दरें
ट्रक, बस, मिनी बस के लिए अभी 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पार्किंग शुलक है। नई दरों में इन्हीं वाहनों को एक घंटे के लिए 100, चार घंटे के लिए 200 और उससे अधिक समय के लिए प्रति दो घंटे के हिसाब से 40 रुपये देने होंगे। चार पहिया वाहनों को अभी 50 रुपये देने होते हैं। नई दरों में इन्हीं वाहनों को एक घंटे के लिए 30, चार घंटे के लिए 100 और उससे अधिक समय के लिए प्रति दो घंटे के लिए 20 रुपये देने होंगे। तीन पहिया वाहनों को वर्तमान में 30 रुपये प्रतिदिन देना होता है। नई दरों में इन्हीं वाहनों को एक घंटे के लिए 20, चार घंटे के लिए 50 और उससे अधिक समय के लिए प्रति दो घंटे के लिए 10 रुपये देने होंगे। दोपहिया वाहनों के लिए अभी 10 रुपये प्रतिदिन हैं। नई दरों में इन्हीं वाहनों को एक घंटे के लिए 10, चार घंटे के लिए 20 और उससे अधिक समय के लिए प्रति दो घंटे के हिसाहब से 5 रुपये देने होंगे।


बढ़ेंगी पार्किंग ठेका दरें
बोर्ड बैठक में पास प्रस्ताव के अनुसार पार्किंग ठेके महंगे हो जाएंगे। 50 वाहनों की पार्किंग क्षमता वाले ठेके के लिए अभी 20 हजार रुपये हैं, इसी प्रकार 100 वाहन पार्किंग क्षमता वाले ठेके के लिए 35 हजार, 200 वाहन पार्किंग क्षमता के लिए 50 हजार, 200 से अधिक वाहन पार्किंग क्षमता वाले ठेके के लिए एक लाख रुपये है इन्हें बढ़ाकर क्रमशः 40 हजार, 70 हजार, एक लाख और दो लाख रुपये किया गया है।


अभी ठेकेदार नहीं वसूले नई पार्किंग दरें
नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने साफ किया है कि बोर्ड बैठक में पार्किंग शुल्क को लेकर पास प्रस्ताव आगामी वित्त वर्ष में उठने वाले ठेकों पर लागू होगा। अभी किसी भी ठेकेदार ने बोर्ड बैठक के प्रस्ताव के आधार पर नई दरों पर पार्किंग शुल्क वसूला तो उसका ठेका निरस्त करते हुए धनराशि जब्त कर ली जाएगी।


पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग को मिला नया नाम
पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग के नाम को द्वारिकाधीश मंदिर पुण्यतीर्थ विश्रामघाट (मदन मोहन मंदिर से रंगेश्वर मंदिर तक) किया गया है। वहीं, पूर्व पार्षद रोशनलाल सैनी के नाम पर सदर बाजार स्थित सीएचजी का नाम किया है। मोहल्ला गुजराना (लालागंज) में स्थित पार्क का नाम लोकतंत्र रक्षक सेनानी पं. हरप्रसाद चतुर्वेदी के नाम पर करने का प्रस्ताव पास हुआ है। हालांकि इस पार्क को प्रस्ताव में अनाम लिखने पर पार्षद नीलम गोयल ने कड़ी आपत्ति जताई, उन्होंने कहा कि जब विधायक श्रीकांत शर्मा ऊर्जा मंत्री थे, उन्होंने इस पार्क का शिलान्यास किया था। उस वक्त पार्क को श्रीकृष्ण वाटिका नाम दिया गया था। इसे अनाम लिखना न्यायोचित नहीं है।



ये प्रस्ताव पास



- नगर निगम मथुरा-वृंदावन के प्रथम अधिवेशन बैठक दिनांक 21 मई 2023 की सम्पुष्टि का प्रस्ताव



- मुख्य कर निर्धारण अधिकारी द्वारा दिनांक 15 अप्रैल 2023 से नगर निगम के चारों जोन में आॅफलाइन कर प्रणाली को पूर्णतः बंद करते हुए ऑनलाइन वसूली शुरू करने का प्रस्ताव



- नगर निगम द्वारा 35 काश्तकारों को आवंटित सीवेज फार्म के 42 प्लाटों में बाढ़ का पानी भरने के कारण काश्तकारों को छूट देने संबंधी प्रस्ताव



- आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित होने वाले हॉट कुक्ड फूड बनाने और खाने के लिए बर्तन खरीद का प्रस्ताव



- नगर निगम द्वारा संचालित पार्किंग ठेके का शुल्क और वाहन खड़े करने का शुल्क बढ़ाना एवं इसे घंटावार लागू करना



- लालागंज के पार्क व पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग और सदर बाजार स्थित सीएचसी का नामकरण करने संबंधी प्रस्ताव



- नगर निगम क्षेत्र में 13 स्थानों पर सरकारी राशन की मॉडल दुकानों को बनाने का प्रस्ताव



- नगर निगम क्षेत्र में 330 सफाई कर्मी और एक मैनेजर आउटसोर्सिंग के तहत रखने का प्रस्ताव
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed