मथुरा। ब्रज में नव वर्ष मनाने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। 25 दिसंबर से मथुरा में श्रद्धालुओं के आने सिलसिला शुरू हो गया, जोकि अभी तक जारी है। 25 दिसंबर से एक जनवरी तक ही 15 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने ब्रज के देवालयों में अपने आराध्यों के दर्शन किए। प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले सालों के मुकाबले यह आंकड़ा कई गुना ज्यादा रहा। इसके बाद भी कहीं बहुत ज्यादा अव्यवस्थाएं नजर नहीं आईं।
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश मंदिर, वृंदावन में श्रीबांकेबिहारी मंदिर, सप्त देवालय, इस्कॉन मंदिर, चार धाम, गिरिराजजी, बरसाना में श्रीराधा रानी मंदिर, नंदगांव, गोकुल और श्रीदाऊजी महाराज मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर एक सप्ताह तक श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। इसी दरम्यान एकादशी की परिक्रमार्थियों का सैलाब भी उम़ड़ा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया। दर्शन स्थल और मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए, प्राथमिक चिकित्सा से लेकर सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि इतने कम समय में अधिक संख्या में श्रद्धालुओं का ब्रज में आना ऐतिहासिक बढ़ोतरी है। यह आस्था और भक्ति का अनूठा उदाहरण है और प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है। प्रशासन ने सभी मंदिरों में व्यवस्थाओं की लगातार मॉनीटरिंग की और आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहा।