फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mathura News ›   Former servant had looted silver with his partner, 5 arrested

Mathura News: पूर्व नौकर ने ही साथी संग लूटी थी चांदी, 5 गिरफ्तार

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 18 Jun 2023 12:15 AM IST
विज्ञापन
Former servant had looted silver with his partner, 5 arrested
फोटो
विज्ञापन

- पुलिस ने लूटी गई चांदी और 2.8 लाख रुपये जब्त किए, ईंट में तब्दील कर दी गई थी चांदी
- सराफ के नौकर की आंखों में मिर्च डालकर दिया था वारदात को अंजाम
- एसएसपी ने वारदात के खुलासे पर टीम को 25 हजार रुपये का दिया पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। थाना गोविंद नगर क्षेत्र में 11 जून को दिनदहाड़े चांदी लूट का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात का मास्टरमाइंड दीपक तिवारी सराफा कारोबारी के यहां नौकरी करता था। उसी ने अपनी प्रेमिका और तीन अन्य साथियों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों से लूटी गई चांदी के साथ ही 2.08 लाख रुपये भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। एसएसपी ने वारदात का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर बताया कि 11 जून की दोपहर करीब 12:15 बजे चांदी कारोबारी गोपेश कुमार खंडेलवाल के यहां काम करने वाले मोतीलाल चांदी से भरा बैग लेकर स्कूटी पर जा रहे थे। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछा किया और मौका पाकर चांदी से भरा बैग छीन लिया। मोतीलाल ने भाग रहे एक बदमाश का पीछा किया और उसे पकड़ लिया, लेकिन उसने उनकी आंखों में मिर्च का पाउडर झोंक दिया। मोतीलाल खुद को संभाल पाते इससे पहले ही दोनों बदमाश भाग गए। इस वारदात का खुलासा करने के लिए पांच टीमों को लगाया गया। पुलिस ने वारदात के मास्टर माइंड दीपक तिवारी उर्फ दीपू निवासी माया टीला, हालतगंज थाना गोविंद नगर एवं हाल निवासी कृष्णापुरम, रवेंद्र कुमार मांझी उर्फ रोबिन उर्फ तेरे नाम निवासी गंगतीरा खुर्द थाना सोहागी जिला रीवा मध्य प्रदेश, प्रीतम मांझी उर्फ छोटू, नीलेश कुमार सोनी निवासी त्यौथर थाना सुहागी रीवा एवं दीपक की प्रेमिका को मथुरा में ही किराए के एक मकान से गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से 4.411 किलोग्राम चांदी की सात ईंटें, 270 ग्राम की 6 जोड़ी पायजेब, नकदी, चोरी की बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
विज्ञापन


पुराने नौकर ने रची साजिश
मास्टर माइंड दीपक तिवारी उर्फ दीपू उर्फ चीका सराफ गोपेश खंडेलवाल के यहां नौकरी करता था। वेतन बढ़ाने के चलते उसका विवाद हुआ तो सराफ ने उसे निकाल दिया। इसी रंजिश में उसने लूट की वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। इससे पहले दीपक का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। एक साल पहले उसकी मुलाकात दिनेश चौधरी नाम के व्यक्ति की पत्नी से हुई जोकि पति से अलग रहती थी। दोनों के बीच संबंध गहरे हुए तो दीपक बिड़ला मंदिर के पास किराए का मकान लेकर सहमति संबंध में रहने लगा। छह माह पहले उसने अपनी प्रेमिका से चांदी लूट के बारे में बात की। इस पर प्रेमिका ने गांव में एक सुनार से जानकारी होने की बात कही और नीलेश कुमार सोनी से फोन पर बात कराई। दीपक ने उससे चोरी की चांदी को ठिकाने लगाने की बात की। इस पर नीलेश ने अपना हिस्सा तय किया और दोनों में सहमति बन गई। पुलिस के अनुसार दीपक को पूरा पता था मोतीलाल चांदी लेकर कब आता और जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


किराए के मकान में रची थी साजिश
वारदात को अंजाम देने से पहले दीपक की प्रेमिका का भाई प्रीतम मांझी अपने साथी रवेंद्र कुमार मांझी उर्फ रोबिन उर्फ तेरे नाम के साथ मथुरा आया था और बिड़ला मंदिर स्थित कमरे में रुके। यहीं पर चारों ने मिलकर चांदी लूट की साजिश रची। इसके साथ ही नीलेश से चांदी गलाने की बात भी की। इसके बाद प्रीतम सिंह व रवेंद्र कुमार अपने गांव गंगतीरा चले गए। पूर्व योजना के तहत एक जून को दीपक ने प्रेमिका को उसके गांव भेजा तथा अपने साथियों के साथ राहगीरों के मोबाइल फोन से संपर्क करता रहा। सात जून को दीपक ने प्रीतम व रवेंद्र कुमार को मथुरा बुलाने के लिए 500 रुपये बतौर किराए के फोन पे से भेजे। आठ जून को दोनों मथुरा आ गए। नौ जून की शाम दीपक व रवेंद्र ने विकास बाजार के सामने कांप्लेक्स से बाइक चोरी की और 11 जून की दोपहर वारदात को अंजाम दिया।

इलाहाबाद ले जाकर चांदी गलवाई
वारदात को अंजाम देने के लिए दीपक व रवेंद्र ने झंडा चौराहे से मोतीलाल की स्कूटी का पीछा किया। कच्ची सड़क पर ही उसे ओवरटेक कर द्वारकेश काॅलोनी में पहले प्रवेश किया। इसके बाद कारोबारी गोपेश के घर से तीन-चार घर पहले बाइक पुन: कच्ची सड़क की तरफ मोड़ ली और सामने से स्कूटी लेकर आ रहे मोतीलाल से चांदी से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर रवेंद्र ने मोतीलाल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद दोनों नाले वाली सड़क होते हुए लाल दरवाजा रोड से हालनगंज, बैराजपुरा से कृष्णापुरम काॅलोनी स्थित किराए के मकान में आए और बाइक को पार्क में खड़ाकर ट्रेन से दीपक की प्रेमिका के गांव गंगतीरा खुर्द मध्यप्रदेश पहुंचे। यहां दीपक और प्रीतम से मिले। इसके बाद नीलेश सोनी से संपर्क किया। 15 जून को सभी इलाहाबाद पहुंचे और लूटी गई चांदी के तारों को गलवा कर सात ईंटें तैयार कराईं। इसकी पक्की स्लिप नीलेश की जेब से मिली।


100 किलो चांदी लूट की थी साजिश
दीपक तिवारी ने सराफ की दुकान से 100 किलो चांदी लूटने की साजिश रची थी, लेकिन इसमें वह सफल नहीं हो सका। बावजूद इसके नीलेश सोनी ने उस पर विश्वास किया और चांदी लूटकर लाने के लिए 2.08 लाख रुपये बतौर पेशी के भी दिए। पांचों लोग 16 जून की रात इलाहाबाद से मथुरा में बिड़ला मंदिर स्थित किराए के मकान में रुके। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस टीम ने छापा मारकर महिला समेत पांचों को दबोच लिया। दीपक और रवेंद्र पहले से मुकदमे दर्ज हैं।


सराफा मंडल ने टीम का किया अभिनंदन
चांदी लूट के खुलासे और माल बरामदगी के बाद सराफा मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी एमपी सिंह, सीओ सिटी अभिषेक तिवारी, गोविंद नगर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार भाटी समेत अन्य टीम के सदस्यों का पटुका पहनाकर अभिनंदन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed