मथुरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ के आयुक्त के आदेश के बाद विभाग की स्थानीय टीम ने जनपद में कई जगह छापा मारा। डीओ डॉ. गौरी शंकर के निर्देशन में टीम सबसे पहले बलदेव पहुंची यहां चंद्रवीर चिलर प्लांट पर छापा मारा। टीम ने मौके पर चिलर में लगभग 5000 लीटर दूध से एक नमूना लिया। उसके बाद टीम ने देव डेयरी बलदेव से दूध का नमूना लिया। टीम ने एक्सपायर हो चुकी नमकीन भी नष्ट कराई।
बलदेव रोड से मथुरा आ रहे जलेसर अशोक डेयरी के टैंकर के दूध का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम पानी गांव तिराहा पहुंची, वहां से जो दूध विक्रेता (दूधिया) वृंदावन जा रहे थे, उनको रोककर निरीक्षण किया। संदेह होने पर पांच दूधियों की केन से नमूने लिए गए। वहीं मथुरा में श्री कृष्ण कॉरपोरेशन के यहां हुए निरीक्षण में विक्रेता के पास खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। जबकि परिसर में 20 क्विंटल खुली नमकीन व एक्सपायरी डेट की नमकीन चिप्स पाए गए। सभी सामग्री को विक्रेता की अभिरक्षा में जब्त कर विभाग की देखरेख में नष्ट कराया जाएगा। उसके बाद टीम सियाराम बाबा नमकीन स्टोर पर गई, यहां रखरखाव संतोषजनक नहीं मिलने पर विक्रेता को नोटिस थमाया। डीओ डॉ. गौरीशंकर ने बताया कि सरसों के तेल व दूध को लेकर आगामी एक माह तक कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में खाद सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन, सोमनाथ, डॉक्टर शैलेंद्र रावत, डॉ. देवराज सिंह, मुकेश कुमार, नंदकिशोर और गजराज सिंह आदि उपस्थित थे।