मांट। मांट क्षेत्र में राया रोड पर स्थित एक होटल में लक्ष्मी नगर से आई बरात में दूल्हे की बहन को अलग से कमरा नहीं मिला तो वह रूठकर पति के साथ चली गई। इसी बात पर दूल्हा उखड़ गया। उसने बिना बहन के फेरे की रस्म करने से इनकार कर दिया। रार इतनी बढ़ी कि पुलिस का सहारा लेना पड़ा। थाने में भी वर-वधू पक्ष के बीच विवाद चलता रहा। सुबह दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और बरात बिना दुल्हन के ही लौट गई।
वाकया शनिवार की रात का है। लक्ष्मी नगर इलाके से मांट की रहने वाली युवती की बरात आई थी। दूल्हा सैन्य कमी है। बरातियों के लिए होटल में इंतजाम किया गया था। बरात चढ़ने के बाद दावत हुई। स्टेज पर फोटो शूट के दौरान ही विवाद की शुरुआत हुई। दूल्हे की बहन ने होटल में अपने लिए कमरे की डिमांड की, लेकिन वधू पक्ष ने कमरा शेयर करने को कहा। इसी बात पर बहन नाराज होकर अपने पति के साथ लौट गई। इस घटनाक्रम से दूल्हे का पारा चढ़ गया और उसने बिना बहन बहनोई के फेरे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच रार इतनी बढ़ गई कि पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। रविवार को सुबह के चार बज गए मगर मामला नहीं सुलझा। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने में कई घंटे तक दोनों पक्षों में वार्ता चलीपर कोई बात नहीं बनी। अंत में बरात लौटाने पर दोनों पक्षों में रजामंदी हो गई। दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी में एक दूसरे के शादी में खर्च हुए रुपये का लेनदेन कर सात फेरों के बंधन से पहले ही रिश्ते को खत्म करने का फैसला कर लिया। इसके बाद बरात बिना दुल्हन के लौट गई। यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।