मांट (मथुरा)। कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने सोमवार को ट्रैक्टर रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। दर्जनों ट्रैक्टरों में सवार किसानों ने केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए 26 जनवरी को इंडिया गेट पर जाने को हुंकार भरी।
भाकियू (टिकैत) के मंडल उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह गावर के नेतृत्व में सोमवार को गांव जाबरा से किसानों ने दर्जनों ट्रैक्टरों के साथ रैली निकाली। इसमें कृषि बिलों को वापस लेने की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जाबरा से शुरू हुई रैली सर्विस रोड पर होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर पहुंची। इसके बाद मांट से अरुआ, जसौली, चौकड़ा आदि गांवों में होकर निकली। किसान नेता अशोक चौधरी ने बताया कि अगर किसानों की मांग पूरी नहीं हुई तो 26 जनवरी को क्षेत्र के किसान ट्रैक्टर रैली के जरिए दिल्ली में जाकर प्रदर्शन करेंगे। इसी को लेकर ट्रैक्टर रैली का रिहर्सल किया जा रहा है। इस मौके पर रोहताश चौधरी, सोनवीर सिंह, मुकेश पहलवान, नरेंद्र सिंह, बुद्धा सिंह, हरपाल सिंह, जबर सिंह आदि भाकियू पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल थे।