मैनपुरी: घर में बिछी थीं लाशें, रिश्तेदारों ने पार कर दिए दुल्हन के जेवर; समधी ने मांगे शादी में खर्च पांच लाख
मैनपुरी में एक तरफ घर में लाशें बिछी थीं। दूसरी तरफ रिश्तेदारों ने दुल्हन के जेवर पार कर दिए। वहीं नविवाहिता की हत्या होने पर समधी गांव पहुंचे और शादी में खर्च किए पांच लाख रुपये मांगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में नवदंपती सहित पांच लोगों की हत्या को मामले में नवविवाहिता सोनी के पिता कुछ लोगों के साथ गोकुलपुर अरसारा गांव पहुंचे। सुभाष यादव से शादी में खर्च किए गए पांच लाख रुपये की मांग की। गांव के संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में तय हुआ कि शांति हवन के बाद पंचायत होगी। इसमें जो भी निर्णय होगा। उसके अनुसार खर्च वापस किया जाएगा।
किशनी थाना क्षेत्र के गांव गोकुलपुर अरसारा में सामूहिक हत्याकांड के बाद सोमवार को सांसद डिंपल यादव ने परिजन से मुलाकात कर ढांढस बंधाते हुए सांत्वना दी। सांसद के जाने के बाद मंगलवार को गंगापुरा इटावा निवासी मृतका नवविवाहिता सोनी के पिता वेदराम यादव कुछ लोगों के साथ गांव पहुंचे।
यह भी पढ़ेंः- बैरंग लौटी बरात: घोड़ी चढ़ा दूल्हा और DJ पर हो रहा था डांस, ये हरकत देख दुल्हन का मूड खराब, नहीं पहनाई वरमाला
उन्होंने सुभाष यादव से बात की। कहा कि बेटी सोनी तो दुनिया से चली गई। उनके द्वारा शादी में खर्च किए गए पांच लाख रुपये उन्हें वापस कर दो। सुभाष ने कहा कि दिए तो सिर्फ बीस हजार ही थे इतने कहां से दे दूं। बातचीत के दौरान वहां मौजूद संभ्रांत लोगों ने हस्तक्षेप किया। तय हुआ कि शांतिपाठ के बाद पंचायत होगी। इसमें जो भी तय होगा। उस अनुसार शादी में किया गया खर्च आदि वापस किया जाएगा।
सामूहिक हत्याकांड के बाद अब परिजन खुद को संभालने लगे हैं। मंगलवार को भी लोग सांत्वना देने के लिए घर आते जाते रहे। इस बीच नीचे के कमरे में रखे नवविवाहिता के बक्से को देखा तो उसका ताला टूटा हुआ मिला। सुभाष ने बताया कि एक सोने का हार, एक चेन, पांच अंगूठी ,चांदी की करधनी गायब है।
यह भी पढ़ेंः- UP: हाथों में मेहंदी सजाए दुल्हन करती रही साजन का इंतजार, दूल्हा हो गया फरार; शादी के मंडप में मातम सा माहौल
बक्से में ही रखे मृतक सोनी के पर्स से नकदी भी गायब है। वहीं दबी जुबान कुछ महिलाओं ने बताया कि अंत्येष्टि वाले दिन दो रिश्तेदार ने बक्से का कुंडा तोड़ कर जेवर निकाल लिए थे। सुभाष का कहना है कि पहले देख लें। अगर जेवर नकदी नहीं मिलती तो वह पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे।
गांव में पुलिस बरत रही सतर्कता
सामूहिक हत्याकांड के बाद से ही पुलिस सतर्कता बरत रही है। 24 घंटे वहां तैनात पुलिसकर्मी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करते नजर आ रहे हैं। वहीं मंगलवार को नेताओं की भी आवाजाही रही। पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि व सपा नेता रामपाल यादव ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
यह भी पढ़ेंः- नौकरी नहीं मिली तो हो गया फ्रस्टेट: जरा सी बात पर पत्नी को दी दर्दनाक मौत...फिर तमंचे से उड़ा ली खुद की खोपड़ी
बच्चों को मां के पास भेजा
गोकुलपुर अरसारा में हुए सामूहिक हत्याकांड में आरोपी शिववीर ने अपनी पत्नी डॉली को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया था। डॉली का इलाज इटावा के एक अस्पताल में चल रहा है। तीन साल की परी मां को याद कर रोती है। वहीं तीन माह के किट्टू भी मां का आंचल नहीं मिलने पर रोता है। मंगलवार को दोनों ही बच्चों को दोनों बच्चों को मां से मिलवाने के बाद मामा के घर भरथना भेज दिया गया।