Encounter In UP: पुलिस ने दो शातिर टप्पेबाजों को किया गिरफ्तार, लिफ्ट देने के बहाने बैंककर्मी से लूट लिए पैसे
Encounter In UP: मैनपुरी में पुलिस ने दो शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि लिफ्ट देने के बहाने बैंककर्मी से भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में रविवार की तड़के पुलिस व शातिर चोरों में मुठभेड़ हो गई। इस दैरान पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की गई नकदी और बाइक बरामद हुई। साथ ही तमंचा, कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मुठभेड़ करहल थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्थित आलमपुर गांव के पास हुई। रविवारे की सुबह पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी समय थानाध्यक्ष कुशलपाल सिंह को सूचना मिली कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास दो शातिर चोर मौजूद हैं। इन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनके कब्जे से यह हुआ बरामद
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। चोरों ने पुलिस के देखकर उन पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने बचाव करते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर बाद दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की बाइक, करीब 35 हजार रुपये की नकदी, तमंचा, कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में चोरों ने बताया कि वह लोग चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं।
बैंककर्मी के 90 हजार रुपये उड़ाए थे
थानाध्यक्ष कुशलपाल सिंह ने बताया कि चोरों ने पूछताछ में घिरोर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी की जेब से 90 हजार रुपये चोरी की भी बात कबूल की। दोनों चोर कर्मी को बाइक पर बैठाकर लाए थे। इसके बाद रास्ते में वारदांत को अंजाम दिया था। उनके कब्जे से बरामद हुई बाइक भी घिरोर क्षेत्र में थाने वाली गली से चोरी की गई थी।