फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mainpuri News ›   Nursing student death case Family has body exhumed from grave

नर्सिंग छात्रा की मौत का मामला गर्माया: दफन शव निकालकर मुख्यालय पहुंचे परिजन, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग

Sat, 31 Oct 2026 10:40 AM IST
Arun Parashar संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद/मैनपुरी
संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद/मैनपुरी Published by: Arun Parashar Updated Sat, 31 Oct 2026 10:40 AM IST
सार

यूपी के फिरोजाबाद जिले में नर्सिंग छात्रा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। परिजन ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया था। कार्रवाई की मांग पर अड़े थे।अधिकारियों के समझाने पर परिजन छात्रा के शव के अंतिम संस्कार के लिए माने थे। शनिवार को परिजन ने जेसीबी की मदद से शव बाहर निकलवाया। शव को लेकर फिरोजाबाद पहुंच गए। 

विज्ञापन
Nursing student death case Family has body exhumed from grave
दफन शव निकालकर मुख्यालय पहुंचे परिजन। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

फिरोजाबाद के थाना मटसैना क्षेत्र के मोढ़ा कनैटा स्थित नर्सिंग कॉलेज की छात्रा की 27 अक्तूबर की रात संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब बेहद तूल पकड़ गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजनों ने एक बड़ा कदम उठाते हुए दफन किए जा चुके शव को जमीन से बाहर निकाल लिया और शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे शव को लेकर फिरोजाबाद जिला मुख्यालय स्थित सिविल लाइन चौकी के पास पहुंच गए। परिजनों की मांग थी कि शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए। आक्रोशित लोगों ने जिला मुख्यालय, दबरई के सामने शिकोहाबाद-फिरोजाबाद हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। इस दाैरान भीड़ की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
विज्ञापन


 
Trending Videos

मृतका के दो भाई और मामा, मामा की कार से शव को लेकर फिरोजाबाद पहुंचे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। पुलिस ने कार सहित शव को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, इसके बाद से शव और मृतका के दोनों भाइयों के ठिकाने या उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ पाई है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

प्रदर्शन और हंगामे की सूचना के बीच गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर आ रही परिवार और समाज की महिलाओं को रास्ते में ही मैनपुरी जनपद के घिरोर थाने की पुलिस द्वारा रोक लिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर की पुलिस और प्रशासनिक बल को मुस्तैद कर दिया गया है।

गौरतलब है कि इस मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर फिरोजाबाद कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य सुरेंद्र दक्ष और उसके बेटे यश दक्ष के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस की शुरुआती छानबीन में सीसीटीवी फुटेज और ट्रेन के पायलट के बयानों के आधार पर छात्रा को महाबोधि एक्सप्रेस की चपेट में आना बताया गया था, लेकिन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण परिवार में लगातार आक्रोश बना हुआ है। 

 
विज्ञापन

मृतका के मामा का कहना है कि पुलिस ने उन्हें बताया था कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया डॉक्टर के पैनल ने वीडियोग्राफी में पूरी की थी। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी को उजागर किया जाए। उन्हें संदेह है कि पोस्टमार्टम में गड़बड़ी की गई थी इसके चलते वह दोबारा निष्पक्ष रूप से पोस्टमार्टम करने के लिए शव लेकर आए थे। शव उनके हवाले किया जाए। फिर से पोस्टमार्टम किया जाए। दर्ज एफआईआर के आधार पर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए।

पुलिस की निगरानी में मैनपुरी लाया गया शव
फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा की मौत के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। शुक्रवार को दफनाए गए छात्रा के शव को शनिवार सुबह परिजनों ने जेसीबी की मदद से कब्र से बाहर निकलवा लिया और फिरोजाबाद ले गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए छात्रा के कुछ रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साथ ही फिरोजाबाद पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया। बाद में पुलिस अपनी निगरानी में छात्रा के परिजनों और शव को लेकर मैनपुरी वापस आ गई। इधर, परिजन लगातार हंगामा कर रहे हैं और कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस अधिकारी परिजनों को समझाने और शांत कराने में जुटे हैं। गांव में एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में कई थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस किसी भी तरह के हंगामे की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी कर रही है।

रेलवे ट्रैक पर मिली थी लाश
मृतका जनपद मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और फिरोजाबाद के मटसैना स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में रहकर जीएनएम प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। हॉस्टल के कमरे में उसके साथ अन्य सहपाठिनें भी रहती थीं। बुधवार सुबह जब साथी छात्राओं को नाश्ते के समय छात्रा कमरे में नहीं दिखाई दी, तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। कॉलेज प्रशासन में भी खलबली मच गई। सुबह करीब 10 बजे तक तलाश करने के बावजूद जब उसका सुराग नहीं लगा, तो इसी दौरान सूचना मिली कि मटसैना क्षेत्र में मोढ़ा कनैटा स्थित रेलवे लाइन पर एक युवती का शव मिला है, जिसे पुलिस ने शिनाख्त न होने पर मोर्चरी भेज दिया था। सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन और छात्राएं थाने पहुंचीं तथा कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर रोते-बिलखते परिजन भी आ गए और उन्होंने आत्महत्या की घटना मानने से मना करते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने जब कॉलेज और हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तो फुटेज में छात्रा रात एक बजे के बाद अपने कमरे से बाहर निकलती और हॉस्टल की बाउंड्रीवॉल फांदकर रेलवे ट्रैक की ओर जाती हुई दिखाई दी। हॉस्टल से रेलवे ट्रैक की दूरी महज 300 मीटर है। मामले में फिरोजाबाद कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य और उनके बेटे के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास, हत्या और एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हुई है। 
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed