कनकुआ (महोबा)। विकासखंड पनवाड़ी के सिद्धबाबा मेला महोत्सव महोबकंठ में अंतिम दिन गुरुवार को दंगल हुआ। इसमें महिला पहलवानों के बीच हुई कुश्ती आकर्षण का केंद्र रही। अलीगढ़ की हनी पहलवान ने दिल्ली की निधि को दस मिनट में धोबी पछाड़ दांव से चित किया। दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व प्रधान कृपाराम पटेल व सीताराम चतुर्वेंदी ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया।
पहली कुश्ती चंडीगढ़ के अनिल पहलवान व हरियाणा के मोनू के बीच हुई, जिसमें अनिल विजेता रहे। दूसरी कुश्ती में ग्वालियर के रजत ने सोनीपत के आकाश को हराया। जबकि बलरामपुर के अमर सिंह ने दयालपुरा के राघवेंद्र को चित किया। बुढ़ेरा के अरविंद ने दयालपुरा के शंकर को हराया तो पहाड़ी के विजय पहलवान ने चरखारी के जितेंद्र को पटका। विजेता पहलवानों को आयोजक अनूप पांडेय, मुकेश पटेल, पुष्पेंद्र पटेल ने नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। कुश्ती देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। (संवाद)