महोबा: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा- योगी सरकार ने युवाओं के लिए शिक्षा के संसाधन बढ़ाए
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में महिलाएं सुरक्षित हुई हैं। बेटियों में आत्मविश्वास बना है। सड़क पर निकलते हुए अब उन्हें भय नहीं लगता। योगी सरकार ने गुंडों एवं अपराधियों पर नकेल कसने का काम किया जिससे कि उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश कहा जाने लगा है।
विस्तार
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) महोबा द्वारा युवा सम्मेलन का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में किया। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं युवा मोर्चा ने युवाओं को संबोधित करते हुए बताया कि योगी सरकार एवं मोदी सरकार में युवाओं को शिक्षा के नए अवसर मिले हैं।
उन्होंने कहा कि यूपी में पूर्व की सरकारों में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज सीमित थे लेकिन जब से योगी सरकार आई है, पिछले साढे 4 वर्षों में जिस तेजी से स्कूल कॉलेज मेडिकल कॉलेज विश्वविद्यालय खुले हैं उससे आने वाले समय में डॉक्टरों इंजीनियरों की जो सरकारी संस्थानों में जगह खाली रहती थी वह सब भर जाएंगी।
योगी सरकार में महिलाएं हुई हैं सुरक्षित
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में महिलाएं सुरक्षित हुई हैं। बेटियों में आत्मविश्वास बना है। सड़क पर निकलते हुए अब उन्हें भय नहीं लगता। योगी सरकार ने गुंडों एवं अपराधियों पर नकेल कसने का काम किया जिससे कि उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश कहा जाने लगा है।
युवा देश को विश्वगुरु बनाने को संकल्पित
युवा मोर्चा महामंत्री वरुण गोयल ने कहा की देश को आजाद कराने में सबसे ज्यादा योगदान युवाओं का रहा। खुदीराम बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसे लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बगैर देश को आजादी दिलाई। ठीक उसी प्रकार हमारे देश का युवा भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए संकल्पित है एवं भारतीय जनता पार्टी की सरकार यह काम कर सकती है।
क्षेत्रीय सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने बताया कि वह सांसद के नाते नहीं युवा मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष के नाते मंच पर हैं। उन्होंने मोदी और योगी को युवाओं का आदर्श बताते हुए उनके नक्शे कदम पर चलने को कहा। सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने बताया कि युवाओं की दम पर ही आज देश इस मजबूती से खड़ा है। योगी भी एक युवा हैं और इसी नाते आपको पुनः उन्हें मुख्यमंत्री बनाने का काम करना है। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा कि योगी जी को कुछ लोग बुलडोजर बाबा के नाम से बुलाने लगे हैं क्योंकि उन्होंने गुंडे माफियाओं की अवैध जमीनों पर बुलडोजर चलाने का काम किया है।