महोबा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि शिक्षकों का संगठन मजबूत होगा तो अधिकारी आपकी बात मानने को मजबूर होगा। कहा कि शिक्षकों का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। एक-एक ब्लाक में आठ-आठ साल से जमे खंड शिक्षा अधिकारियों को हटवाया जाएगा। ताकि इनकी मनमानी पर रोक लग सके। कहा कि प्रदेश स्तर का संगठन जिलों में आकर शिक्षकों की समस्याओं का निस्तारण कराएगा।
प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जिलास्तरीय समीक्षा बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति की समस्या के निस्तारण के लिए शैक्षिक महासंघ जुटा हुआ है। प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष मातादीन द्विवेदी ने कहा कि जितना संगठन मजबूत होगा। शिक्षकों की समस्याओं का निस्तारण होगा। प्रदेश महामंत्री भगवती सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में पूरे प्रदेश में शिक्षक पीड़ित है। खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा शिक्षकों का शोषण हो रहा है। जिला समन्वयकों द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण किया जा रहा है, जबकि शासन ने उनके निरीक्षण पर रोक लगा दी है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ न्यायालय में पैरवी करके पदोन्नति पर लगी रोक हटवाएगा। इस मौके पर प्रदेश के कोषाध्यक्ष पवन दीक्षित, शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष बेनीप्रसाद यादव, मायाराम, अनिल रावत सहित वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। समीक्षा बैठक में महामंत्री मुकेश कुमार, कालूराम, जयसिंह कुशवाहा, जफर अहमद, आशुतोष, संतोष यादव, राकेश विश्वकर्मा सहित तमाम शिक्षक उपस्थित रहे।