-परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आधा घंटा देरी से चलाई गई झांसी-बांदा मेमू
महोबा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित कराई जा रहीं प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया। शुक्रवार को ट्रेन में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ जुटी। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए झांसी-बांदा मेमू को भी आधा घंटा देरी से चलाया गया। इससे परीक्षार्थियों को राहत मिली। जनपद में पीईटी का परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। महोबा के पुरुष अभ्यर्थियों का केंद्र आगरा, महिला अभ्यर्थियों का केंद्र जनपद हमीरपुर और बांदा में बनाए गए हैं। पीईटी परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 10 से 12 व दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। रेलवे की ओर से झांसी से प्रयागराज के लिए प्रतिदिन दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। झांसी रेलवे स्टेशन से सात कोच के साथ दो ट्रेनों को दोपहर दो बजे और शाम सात बजे रवाना किया गया। महोबा स्टेशन पहुंची स्पेशल ट्रेन में सवार होने को लेकर अभ्यर्थियों में जद्दोजहद नजर आई। इसके अलावा झांसी-बांदा मेमू को दोपहर 12.30 के स्थान पर दोपहर एक बजे व झांसी-मानिकपुर ट्रेन को शाम छह बजे रवाना किया गया। उधर, उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि झांसी-प्रयागराज परीक्षा स्पेशल ट्रेन को बाया बांदा चलाया गया। जिसका ठहराव महोबा, बांदा, अर्तरा, चित्रकूटधाम कर्वी, मानिकपुर व नैनी स्टेशन पर दिया जा रहा है। संवाद