महोबा/श्रीनगर। ब्लॉक कबरई के चांदो गांव में मनरेगा के तहत चल रहे पांच किमी नहर खुदाई व श्रीनगर में राजा मोहन सिंह तालाब का जिलाधिकारी मनोज कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने स्वयं श्रमदान किया। कहा कि मनरेगा से कराए जा रहे काम श्रमिकों से ही कराए जाएं।
मनरेगा के तहत जिले में नहरों और तालाबों की खुदाई कराई जा रही है। गुरुवार को डीएम, एडीएम आरएस वर्मा, डिप्टी कलेक्टर राकेश कुमार, पीडी चित्रसेन सिंह ने चांदो व श्रीनगर तालाब में चल रहे खोदाई कार्य को देखा। डीएम ने ग्राम प्रधान को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक श्रमिक लगाकर नहर खुदाई का कार्य जल्द पूर्ण कराएं। कार्य करने वाले सभी श्रमिकों के मनरेगा जॉब कार्ड अवश्य बनवाए। इस दौरान अधिकारियों ने तीखी धूप के बीच स्वयं श्रमदान किया। डीएम ने कहा कि तालाबों के खुदाई के कार्य में किसी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।