महोबा। प्रदेश संगठन के निर्देश पर प्रदेश के छह क्षेत्रों में जन विश्वास यात्रा निकाली जा रही है। जिसका समापन दो जनवरी को होगा। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की यात्रा झांसी से प्रारंभ होकर ललितपुर, मऊरानीपुर होते हुए 20 दिसंबर को महोबा जिले की चरखारी विधानसभा में तेईया गांव से प्रवेश करेगी।
जिलाअध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि जन विश्वास यात्रा का भव्य स्वागत महोबकंठ मंडल में किया जाएगा। इसके बाद एक जनसभा का आयोजन होगा। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मुन्नूलाल कोरी, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री बाबूराम निषाद, यात्रा प्रभारी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू, सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, सदर विधायक राकेश गोस्वामी, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत आदि शामिल रहेंगे। यात्रा सोमवार को दोपहर तीन बजे तेइया, 03.20 बजे महोबकंठ, पांच बजे पनवाड़ी, साढ़े पांच बजे कुलपहाड़ बस स्टैंड, छह बजे सूपा होते हुए विधानसभा महोबा में प्रवेश करेगी। रात्रि विश्राम के बाद 21 दिसंबर को सुबह दस बजे कीरत सागर, आल्हा चौक में स्वागत व 11 बजे कबरई में जनसभा होगी। इसके बाद रिवई होते हुए यात्रा बांदा जिले को प्रस्थान करेगी। कबरई में जनसभा में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति व शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार शामिल रहेंगी।