श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, बच्चों समेत 22 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के पिपरा सोनाड़ी गांव के पहले नहर के पास मोड़ पर रविवार को कलश यात्रा में शामिल लोगों से भरी ट्रैक्टर - ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन पलटने से उसमें सवार एक महिला समेत 22 घायल हो गए। घायलों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए महराजगंज के एक प्राइवेट अस्पताल में लाया गया। जहां सभी का इलाज शुरू हुआ। घायलों में एक बच्चे की हालत गंभीर बताई गई।
रविवार को चौक थाना क्षेत्र के कटैया गांव में होने वाले श्री शतचंडी महायज्ञ के लिए गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा निकली। कलश यात्रा में तमाम वाहनों के साथ ट्रैक्टर - ट्राली भी शामिल थी। ट्रैक्टर - ट्राली पर गांव के बच्चे वह एक महिला सवार थी। कलश यात्रा गांव से निकलकर पिपरा सोनाडी की ओर जा रही थी। इस बीच पिपरा सोनाड़ी गांव के पहले नहर के मोड़ पर तेज गति से जा रही ट्रैक्टर - ट्राली पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार रिमा (16), आरती (18), पुष्पा (16), हेमलता (15), संध्या (10), इंदू (9), विष्णु (8), गुलाइची (60), रूपा (11), राजकुमारी (17), अंगीरा (16), संगीरा (18), पूजा (17), अर्चना (10), सत्या (15), मुन्नी (15), गुड़िया (12), संजू (13), मालती (15), वंदना (14), मीरा (10), कैलाशी (16) समेत कुल 22 लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकांश बच्चे शामिल हैं। अधिकांश घायल कटैया गांव के रहने वाले हैं जबकि विष्णु खोस्टा गांव का रहने वाला बताया गया। वह कटैया गांव में आने मामा के घर आया था। घायलों को प्राइवेट वाहन से महराजगंज नगर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। बताया गया कि ट्रैक्टर - ट्राली पर सवार बच्चे जयघोष करते हुए जा रहे थे, इसी बीच वाहन पलटने से अचानक चीख पुकार शुरू हो गई।
पिपरा सोनाड़ी गांव के पहले नहर के पास मोड़ पर ट्रैक्टर - ट्राली पलटी तो आसपास खेत में काम रहे लोग दौड़ पडे़। वाहन पलटने से उस पर सवार लो चीखने चिल्लाने लगे। दुर्घटना में घायल बच्चों को दर्द से कराहते देख आसपास के लोगों ने उन्हें प्राइवेट वाहन से महराजगंज एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया। जहां सभी का इलाज शुरू हुआ। घटना के बाद यज्ञ आयोजन समिति के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और सभी घायलों का हाल जाना। बताया जाता है कि चालक मोबाइल से बात करते हुए तेज गति में ट्रैक्टर चला रहा था, इसी बीच अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर - ट्राली पलट गई।थानाध्यक्ष चौक आनंद कुमार गुप्ता का कहना है कि घटना की जानकारी हुई है। सभी घायलों को स्थानीय लोग इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।