महराजगंज। रविवार को सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ (प्रा.) परीक्षा-2025 (पीसीएस) को शांतिपूर्ण और जाम-रहित बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस ने रविवार को कस्बा क्षेत्र में भारी, कामर्शियल वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के अनुसार परीक्षा 12 अक्तूबर को जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक व द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। महराजगंज में परीक्षार्थियों की संख्या अधिक होने से यातायात पर दबाव बढ़ने की आशंका है। इसलिए, जनहित में भारी वाहनों जैसे ट्रक, टैंकर, डंपर आदि का प्रवेश सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक बंद रहेगा। उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस ने चार प्रमुख नो-एंट्री व डायवर्जन प्वाइंट्स निर्धारित किए हैं, जहां वाहनों को रोका जाएगा। इनमें सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर व पकड़ी चौकी शामिल हैं। इन बिंदुओं पर डायवर्जन लागू होगा और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे निजी वाहनों का उपयोग करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की है।