Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Maharajganj News ›   Administration inspected arrangements at the ghats

Maharajganj News: आस्था के सैलाब को तैयार छठ घाट, आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती

Sun, 15 Nov 2026 02:13 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Sun, 15 Nov 2026 02:13 AM IST
विज्ञापन
Administration inspected arrangements at the ghats
महराजगंज। लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार से शुरू होगा। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और रविवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ पर्व का समापन होगा। छठ पर्व को लेकर शनिवार को दिन भर बाजार गुलजार रहा। देर शाम तक व्रती महिलाएं प्रसाद सामग्री की खरीदारी में जुटी रहीं।
विज्ञापन

सूर्य उपासना का पर्व शुक्रवार को खरना (पूजन प्रक्रिया) के साथ ही शुरू हो गया। शनिवार व्रत रखने वाली महिलाओं ने ‘नहाय खाय’ प्रक्रिया पूरी कर शरीर शुद्ध किया। मुख्यालय के बलिया नाला पुल, डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क, उद्योग चौराहा, मऊ पाकड़ में इंतजाम किए गए हैं। शहर में सीमित घाट होने के कारण पूजन वेदियों की बिक्री का अजीब नजारा भी देखने को मिला।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय पर महज बलिया नाला ही छठ पूजा के लिए उपलब्ध है। ऐसे में यहां बने घाट पर किनारे खड़े होकर पूजा करने तक की जगह नहीं बची। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने घाट के किनारे की जगहों को अपने कब्जे में ले लिया है और बांस-बल्ली से घेर कर वेदियां बना दी हैं। अब इन्हीं वेदियों को 300 से 400 रुपये में बेचा गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


बाजार में दिनभर रही रौनक
शनिवार को सदर कोतवाली के निकट लगे छठ बाजार में व्रत रखने वाली महिलाएं सूप, टोकरी, नारियल, नया वस्त्र, गन्ना और फल की खरीदारी करती नजर आईं। जिला मुख्यालय पर गन्ना 50 रुपये जोड़ी बिका, वहीं सेब 200 रुपये किलो और केला 60 रुपये दर्जन बिका। ठेकुआ (मीठी पूरी) बनाने के लिए गुड़ और गेहूं के आटे की मांग ज्यादा रही। कुम्हारों की दुकानों पर मिट्टी के चूल्हे 100 रुपये तो कलश व दीप भी खूब बिके।

सजे छठ घाटों पर दोपहर बाद उड़ेगी आस्था
बलिया नाला घाट पर लाइटिंग, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई का काम देर शाम तक पूरा कराया। एसडीएम और ईओ की संयुक्त टीम ने घाटों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था परखी। घाट पर महिला पुलिस, गोताखोर और एनडीआरएफ की टीम तैनात करने के निर्देश दिए। घाट पर पेयजल और चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी कराई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सरोवर और रोहिन व राप्ती घाट पर छठ की वेदियां बनाकर त्योहार की तैयारी दिखी। लक्ष्मीपुर, नौतनवां, पनियरा में रोहिन नदी तट, बैकुंठी घुघली तो निचलौल में गंडक तट पर पर्व मनाने की व्यवस्था हुई है। फरेंदा के हड़हवा, लेहड़ा पौह नाला, दुर्गा मंदिर सरोवर पर छठ पर्व के इंतजाम किए गए हैं।

सफाई न कराने का आरोप
विकास खंड घुघली के ग्राम सभा भुवना में लोक आस्था के महापर्व छठ पर घाट की सफाई न होने से लोगों में नाराजगी है। घाट तक जाने वाले रास्ते पर जगह-जगह झाड़ियां उगी हैं जिन्हें काटने की जरूरत नहीं समझी गई। गोरख सिंह,बशिष्ट यादव ने बताया कि व्रत से पहले छठ घाटों की सफाई क्षेत्र में नहीं कराई गई। बीडीओ राहुल सागर ने कहा कि अगर ऐसा है तो सफाई कर्मियों पर कार्रवाई होगी।

ग्रामीण बाजार रहे गुलजार, नेपालियों ने भी की खरीदारी
छठ पर्व पर खरीदारी के लिए ग्रामीण बाजारों में भी भीड़ रही। सोनौली, नौतनवा, परसा मलिक, ठूठीबारी, खनुआ आदि बाजार में नेपाली श्रद्धालु भी खरीद-फरोख्त करते मिले। भैरहवा की सविता यादव, गल्ला मंडी की अनामिका थापा ने बताया कि छठ पर्व सूर्य आराधना का पर्व है जिसके कारण हम भी व्रत रखकर पूजा करते हैं।

छठ घाटों का प्रशासन ने किया निरीक्षण
आस्था पर्व के मद्देनजर शनिवार देर शाम तक जनपद के विभिन्न नदी घाटों पर इंतजाम जिम्मेदार जांचते रहे और जरूरत के मुताबिक प्रबंध कराते मिले। सदर में सीओ अंकुर गौतम, तहसीलदार पंकज शाही, कोतवाल धर्मेंद्र सिंह मय फोर्स विभिन्न घाटों पर किए गए इंतजाम का मुआयना किया। निचलौल में एसडीएम अविनाश त्रिपाठी व सीओ रवींद्र सिंह, फरेंदा में एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, सीओ दीप सिखा वर्मा व नौतनवा में एसडीएम कुणाल व सीओ बसंत सिंह ने निरीक्षण कर व्यवस्था देखी।

पर्व के उल्लास में रेलवे भी सहभागी
छठ पर्व के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए इस बार पूर्वोत्तर रेलवे भी सहभागी बन गया है। आनंद नगर जंक्शन रेलवे स्टेशन के वरिष्ठ वाणिज्य इंचार्ज पीके चौधरी ने बताया कि सभी रेलवे स्टेशन पर गाड़ियों के आगमन व प्रस्थान बताने के लिए लगे उद्घोषक यंत्र पर छठ पर्व के गीत बजाए जाने के निर्देश डिवीजन कार्यालय गोरखपुर से मिले हैं, लेकिन इसका कोई लिखित पत्र नहीं आया है। लेकिन निर्देश क्रम में इसका अनुपालन किया जा रहा है।

निरुद्ध महिलाएं भी आस्था पर्व का हिस्सा
छठ पर्व की आस्था में जिला कारागार की सात महिलाएं भी हिस्सा बनी हैं। कारागार अधीक्षक वीके गौतम ने बताया कि कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों में से सात ने व्रत रखने की इच्छा व्यक्त की उनके लिए सभी इंतजाम कराया गया है। बताया कि रागिनी, सुनीता, ममता, गोल्डी, सावित्री, सविता, सुजाता छठ व्रत कर रही हैं। सूर्य अर्घ्य देने व वेदियां महिला बैरक के निकट प्रतीकात्मक सरोवर बनाकर किया गया है।


बोले अधिकारीछठ पर्व के मद्देनजर सभी नदी घाटों पर सुरक्षा व प्रकाश के इंतजाम कराए गए हैं। बैरीकेडिंग के साथ अन्य इंतजाम कराए गए हैं। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी।
- सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article