'अगर मुलायम में दम है तो दोबारा लें जनादेश'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि भाजपा यूपी में विधानसभा उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। यदि सपा में दम है, तो वह इस करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी ले और सरकार भंग कर दोबारा से जनादेश लेने के लिए मैदान में आए।
लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद पहली बार मेरठ लौटे शहर विधायक डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि जो विधायक, सांसद निर्वाचित होकर लोकसभा पहुंचे हैं, उनके रिक्त स्थानों पर उपचुनाव के लिए भाजपा तैयार है। केंद्र में सरकार बनते ही प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
लोकसभा चुनाव में सपा के 19 ऐसे प्रत्याशी थे, जो विधायक, मंत्री और मंत्रियों के परिवार से थे, लेकिन वे अपनी ही विधानसभा में हार गए। सपा को चाहिए कि वह ऐसे विधायकों और मंत्रियों से इस्तीफा लेकर वहां भी चुनाव कराए।
वाजपेयी ने मुलायम को ललकारा
वाजपेयी ने मुलायम सिंह यादव को ललकारते हुए कहा कि दम है तो इस हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए यूपी सरकार को भंग करने की घोषणा करें और पुन: जनता के बीच जनादेश लेने के लिए मैदान में आएं। सपा सरकार के विरुद्ध कार्रवाई पर वाजपेयी ने कहा कि भाजपा कोई भी असंवैधानिक कार्रवाई नहीं करेगी। जनता ही इस सरकार को हटने के लिए मजबूर कर देगी।
उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस को यदि वापस आना है तो उन्हें कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाना होगा। परिवारवाद का मोह छोड़कर नि:स्वार्थ राजनीति करनी होगी। यूपी में एतिहासिक जीत पर वाजपेयी ने कहा कि यह संगठनात्मक ढांचे का कमाल है। 1993 के बाद 2012 में ही संगठनात्मक चुनाव हुए हैं। यह जीत संगठन, कार्यकर्ताओं और जनता की जीत है। इसके अलावा अमित शाह ने जो बूथ मैनेजमेंट का पाठ पढ़ाया, उसे भी जीत का श्रेय जाता है।
सरकार के एजेंडे पर वाजपेयी ने कहा कि कश्मीर, राम मंदिर और समान नागरिक संहिता भाजपा के एजेंडे में है और इन पर काम होगा। इसके अलावा मेरठ में हाईकोर्ट बेंच और हवाई अड्डा प्राथमिकता में है। नदियों को जोड़ने पर भी काम शुरू होगा।