विसर्जन की तैयारियां देखने पहुंचे अफसर
ललितपुर। देवी प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन स्थल, दशहरा मैदान, कर्बला घाट आदि पर तैयारियां देखी और अधीनस्थों को तैयारियां करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका की सीमा अंतर्गत दो सैकड़ा से अधिक देवी प्रतिमाओं को स्थापित किया गया है। बुधवार को नवमीं के दिन अंतिम आरती हुई। अब विसर्जन की तैयारी है। गोविंद सागर बांध की तलहटी में प्रतिमा विसर्जन के लिए 25 हजार वर्ग फुट का गड्ढा तैयार हो गया है। इसमें उतरने के लिए घाट बना दिए गए हैं। बुधवार को नगर पालिका अधिशासी अधिकारी केएन शर्मा ने अधीनस्थों के साथ इसका निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्गा विसर्जन स्थल पर पहुंचने के लिए मार्ग के समतलीकरण के निर्देश दिए, जिससे रात्रि में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके बाद उन्होंने रावतयाना स्थित रामलीला मैदान में होने वाले आयोजन की तैयारियां देखी।
उन्होंने सफाई एवं खाद्य निरीक्षक दिनेश कुमार बिरौनियां को सभी स्थानों पर चूना डलवाने व साफ-सफाई करने के निर्देश दिए। मार्ग प्रकाश विभाग के चंद्रविनोद मिश्रा को प्रकाश व्यवस्था संभालने को कहा। निरीक्षण के अंत में उन्होंने तालाबपुरा स्थित कर्बला घाट देखा। मुस्लिम धर्मावलंबियों के ताजियों विसर्जन के लिए बनाए गए स्थान के पास साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। रास्ते के गड्ढों का समतलीकरण करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता विपिन कुमार, रमाकांत तिवारी, हबीब खान, चंद्र विनोद मिश्रा, अभिषेक कुमार चौबे, सुधीर रावत उपस्थित रहे।