ललितपुर। भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री एवं पूर्व पार्षद मोहम्मद इदरीश राईन ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन देकर सब्जी मंडी के सब्जी व्यापारियों को 27 प्रतिशत आरक्षण के अनुसार निर्धारित प्रीमियम राशि में छूट एवं मेंटीनेंस चार्ज में छूट देने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि 31 अगस्त में जो नवीन मंडी स्थल अमरपुर में दुकानों की नीलामी प्रक्रिया की घोषणा की गई है, उसमें समस्त सब्जी व फल व्यापारी गरीबी रेेेखा के अंतर्गत आते हैं। इसके तहत जो प्रीमियम राशि ए श्रेणी क लिए 9.93 लाख रुपये, बी श्रेणी के लिए 6.40 लाख रुपये एवं सी श्रेणी के लिए 3.82 लाख रुपये निर्धारित की गई है, उस प्रीमियम राशि में 27 प्रतिशत छूट के साथ ए श्रेणी 7,24 890 रुपये, बी श्रेणी की दुकानें 4 लाख 68 हजार रुपये एवं सी श्रेणी के लिए दो लाख 78 हजार 860 रुपये के साथ एक प्रतिशत यूजर चार्ज के साथ वार्षिक निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही कैंटीन चार्ज को प्रति वर्ष न बढ़ाकर पांच वर्ष के बाद वृद्घि की जाए। उन्होंने बताया कि मंडी समिति द्वारा निर्माण लागत पर जो यूजर चार्ज बताया जा रहा है, वह नियम विरुद्घ के साथ समस्त सब्जी व्यापारियों के साथ अन्याय है। दुकान आवंटन की धनराशि पर ही मेंटीनेंस चार्ज लिया जाए। उन्होंने जिलाधिकारी से 31 अगस्त को होने वाली अमरपुर नवीन मंडी स्थल पर आवंटन प्रक्रिया को निरस्त करते हुए पुन: गरीब सब्जी एवं फल व्यापारियों के हितों का ध्यान रखते हुए विचार करने की मांग की है।