ललितपुर। देहरादून में आयोजित मैराथन में जनपद के एथलीट अरविंद प्रजापति व अभय सिंह 21 किलोमीटर और रामसेवक 10 किलोमीटर की दौड़ में प्रतिभाग करेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तराखंड पुलिस के द्वारा 30 अक्तूबर को आयोजित किया जा रहा है।
शहर के मोहल्ला नदीपुरा निवासी व पंचायतराज विभाग में कार्यरत एथलीट अरविंद कुमार प्रजापति, अभय सिंह और रामसेवक देहरादून में 30 अक्तूबर को आयोजित की जा रही मैराथन दौड़ में प्रतिभाग करेंगे। इस मैराथन का आयोजन देहरादून पुलिस के द्वारा किया जा रहा है। अरविंद और अभय सिंह जहां 21 किलोमीटर मैराथन में हिस्सा लेंगे। वहीं, रामसेवक दस किलोमीटर मैराथन में प्रतिभाग करेंगे। जनपद के तीनों एथलीटों को मैराथन में प्रतिभाग करने के लिए चेस्ट नंबर जारी कर दिए है। अरविंद सिंह को 211124 , अभय सिंह को 211607 और रामसेवक को 101578 चेस्ट नंबर दिया गया है। देहरादून में आयोजित हो रही मैराथन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तीनों एथलीट तैयारियों में जुटे हैं और स्पोर्ट्स स्टेडियम में घंटो पसीना बहा रहे हैं। तीनों एथलीटों के गैर प्रांत में मैराथन प्रतियोगिता में भाग लेने को लेकर खेल प्रेमियों सहित अन्य लोगों ने बधाई दी। जबकि जिला पंचायत राज विभाग में कार्यरत अरविंद कुमार प्रजापति को डीपीआरओ नवीन मिश्रा सहित साथी कर्मचारियों और विभाग के लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दी है।