ललितपुर। जिले के छात्रों ने नेहरू महाविद्यालय के बीएससी कृषि कोर्स में सीट बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। इसमें बताया कि सीटें कम होने से कई छात्रों को प्रवेश नहीं मिल पाया है। जनपद मुख्यालय के नेहरू महाविद्यालय में आठ वर्षों से बीएससी कृषि की कक्षाएं चलाई जा रही हैं। प्रथम वर्ष में पहले 240 सीट स्वीकृत थी, जिससे जनपद सहित अन्य जिलों के छात्र-छात्राओं को भी प्रवेश मिल जाता था। इस वर्ष बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी द्वारा कालेज की सीटें घटाकर 160 कर दी गई हैं। ऐसे में नेहरू महाविद्यालय में प्रवेश की समस्या उत्पन्न हो गई है। यदि सीटों को यथावत नहीं किया गया तो जनपद सहित आसपास जिलों के अनेक छात्र/ छात्राएं प्रवेश पाने से वंचित रह जाएंगे। ज्ञापन देने वालों में रोहित मिश्रा, पुष्पेंद्र यादव, अनुज राजा, पवन तिवारी, रामगोपाल सेन, वंदना, आजाद सिंह यादव, देवेंद्र यादव, दिव्यांशु, गौरव, अवीर यादव, रेनु बुंदेला, लवलेश कुमार पटेल, अनामिका शामिल रहे।