मतदान प्रक्रिया से परिचित हुए कार्मिक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ललितपुर। राजकीय इंटर कालेज ललितपुर के सभागार में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के प्रथम प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों को निर्वाचन कार्य से परिचित कराया गया। प्रभारी अधिकारी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कार्मिकों के प्रश्नों के उत्तर दिए।
प्रशिक्षण प्रदाताओं ने कार्मिकों को मतदान पेटिका, मतपत्र, निर्वाचक नामावली की प्रतियां, पेपर सील, सांविधिक, असांविधिक प्रारूप, मत पेटी की जांच, अमिट स्याही, मतपत्र लेखा, पेपर सील लेखा, पीठासीन अधिकारी की डायरी को भरने के लिए मुहर, सेरोक्रास रबर व मुहर से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी चंद्रचूड़ दुबे ने कार्मिकों को निर्वाचन की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए मतदान दिवस को मतपेटी तैयार करने, मतदान अभिकर्ताओं की तैनाती, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारी के दायित्व के बारे में भी जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार उपाध्याय ने निर्वाचन से जुड़े निर्देशों व चैलेंज वोट, टेंडर वोट के बारे में बताया। लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियंता राजकुमार भदौरिया ने मतपेटिका को सील करने संबंधी तकनीकी जानकारी दी। इसके अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम प्रकाश यादव और बीएसए एसपी यादव ने भी जानकारी दी। इस मौके पर डीआरडीए के परियोजना निदेशक सुरेश चंद्र मिश्र, उपायुक्त श्रम रोजगार नरेंद्र देव द्विवेदी आदि अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। उधर, प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी चंद्रचूड़ दुबे ने बताया कि निर्वाचन से जुड़े कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के लिए विभिन्न विभागों के 52 अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर्स के रूप में लगाया गया है। प्रथम दिन 800 कार्मिकों को बुलाया गया था।