ललितपुर। कोतवाली अंतर्गत ग्राम मसौराकलां में वैन और मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इनमें अनौरा निवासी अनंतराम (27) की झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वैन में सवार दो लोगों का घायल होना बताया गया, लेकिन वह जिला अस्पताल नहीं पहुंचे। दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल में आग लग गई। इसके बाद वह धू-धूकर जलकर राख हो गई।
महरौनी के ग्राम अनौरा निवासी अनंतराम(27) पुत्र रम्मू, देशराज (28) पुत्र ग्यासी एवं ओंमकार (32) पुत्र साहब सिंह बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे गांव अनौरा से ललितपुर बाजार आ रहे थे। देशराज को पाली एक निमंत्रण में जाना था, तो वह अनंतराम और ओमकार के साथ ललितपुर आकर किसी अन्य साधन से पाली पहुंचना था। तीनों अभी मोटरसाइकिल से मसौराकलां स्थित महरौनी मार्ग पर ढाबा के पास ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही एक वैन से भिड़ंत हो गई। इसमें तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद मोटरसाइकिल से चिंगारी निकलते ही आग लग गई और वह धू-धूकर पूरी तरह से जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ओमनी कार चालक तेज रफ्तार में था और उसके परिवार के सदस्य कार में सवार थे। भिड़ंत इतनी जोरदार हुई कि बैन दो बार पलटकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। ग्राम प्रधान नीरज तिवारी ने बताया कि एक पिकअप गाड़ी क्रास हो रही थी, इसी दौरान वैन ने पिकअप गाड़ी को कट मारकर निकलने का प्रयास किया, तभी दुर्घटना हो गई। घटना की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गाड़ी में बैठाकर जिला अस्पताल उपचार के लिए पहुंचाया। जहां तीनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इनमें से अनंतराम को झांसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता रमुआ ने बताया कि मृतक के दो पुत्र हैं और उसकी एक बहिन है। ओमनी कार में सवार भी दो लोग घायल होना बताए गए, लेकिन वह जिला अस्पताल नहीं पहुंचे।