थाने में दुष्कर्म पीड़िता से रेप: आरोपी एसओ के कमरे की जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम, थानाध्यक्ष की होगी कोर्ट में पेशी
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हुई 13 साल की किशोरी के साथ 27 अप्रैल को पाली थाने के एसओ तिलकधारी सरोज ने थाना परिसर में बने अपने आवास में दुष्कर्म किया था। आज उसी कमरे की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम पाली थाने पहुंची है। साथ ही आज आरोपी एसओ को भी कोर्ट में पेश किया जाएगा। यहां पढ़ें दिनभर के अपडेट्स....
विस्तार
ललितपुर के पाली थाने में एक 13 वर्षीय रेप पीड़िता के साथ थानाध्यक्ष द्वारा किए गए दुष्कर्म के मामले में जांच तेजी से चल रही है। यह मामला अब सियासी रंग ले चुका है और पुलिस-प्रशासन इस मामले में कोई कोताही नहीं बरतना चाहता।
एसओ के कमरे की जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम
ललितपुर में दुष्कर्म के आरोपी पाली थानाध्यक्ष तिलकधारी सरोज के थाना परिसर में स्थित कमरे की फॉरेंसिक टीम ने ताला खोलकर जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल परीक्षण के बाद एसओ की होगी कोर्ट में पेशी
वहीं दूसरी ओर खबर है कि जांच टीम आरोपी निलंबित थाना इंचार्ज को लेकर पुलिस लाइन पहुंच वाली है। जिसके बाद आरोपी एसओ को जिला अस्पताल में परिक्षण कराने के लिए ले जाया जाएगा और फिर वहां से उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
भाजपा सरकार में रक्षक के बजाए भक्षक बनी पुलिस: अखिलेश
ललितपुर के पाली थाने में एसओ द्वारा रेप पीड़िता का दुष्कर्म करने के मामले में पत्रकार वार्ता कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों की रक्षा करने वाली पुलिस भक्षक बन चुकी है। सवाल उठाया कि आरोपी को अब तक बर्खास्त क्यों नहीं किया है। बोले कि एसओ पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सरकार 50 लाख की आर्थिक मदद दे।