ललितपुर: मृतक किसानों के परिजनों से मिलीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, कहा- सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी
कांग्रेस नेता सुबह सावरमती एक्सप्रेस से ललितपुर पहुंची थीं। रेलवे स्टेशन से वह पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन पहुंचीं जहां उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व राष्ट्रीय सचिव व बुंदेलखंड प्रभारी प्रदीप के साथ करीब डेढ घंटे बातचीत की।
विस्तार
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं पर सुनवाई नहीं कर रही है। आलम यह है कि किसान महीनों से सड़क पर है, कहीं कुचला जा रहा तो कही पर खाद जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। अधिकारी और नेता खाद कालाबाजारी की सांठगांठ में लगे रहते हैं। सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि किसान कर्ज में डूबता जा रहा है। वह शुक्रवार को पाली निवासी किसान के फांसी लगाने से हुई मौत पर उसके परिजनों से मिलने पहुंची थी।
कांग्रेस महासचिव का शुक्रवार सुबह 7.07 बजे सावरमती एक्सप्रेस से प्लेटफार्म दो पर उतरते ही कांग्रेसियों ने उनका स्वागत किया। वह पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन पहुंचीं जहां उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य व राष्ट्रीय सचिव व बुंदेलखंड प्रभारी प्रदीप के साथ करीब डेढ घंटे बातचीत की। एसडीएम सदर डॉ. संतोष उपाध्याय व सीओ फूलचंद्र से मुलाकात की।
सर्किट हाउस से वह पाली के मोहल्ला पंडियाना पहुंचीं जहां मृतक बल्लू पाल सहित चार मृतकों के बच्चों व परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर किसानों का ऋण माफ कराना पहली प्राथमिकता होगी। पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि बोरियों से खाद की चोरी हो रही है पहले 50 किलो की बोरी होती थी लेकिन अब 45 किलो की बोरी किसानों को दी जा रही है। किसान से दाम अधिक लिए जा रहे हैं लेकिन खाद पूरी नहीं मिल पा रही है। आज किसान महीनों से सड़क पर है लेकिन सरकार एक नहीं सुन रही है। उन्होंने कहा कि चार परिवारों में दो लोगों ने आत्महत्या की है।
ललितपुर से झांसी पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा
ललितपुर में किसान की मौत के मामले में किसान परिवार को सांत्वना देने के बाद कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा गांधी झांसी आई। यहां उन्होंने वीरांगना झलकारी बाई और महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद दतिया निकल गईं।