ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला घुसयाना निवासी पूर्व सभासद की पत्नी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। जानकारी मिलने पर परिजनों ने महिला को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला घुसयाना निवासी पूर्व वार्ड सभासद सुरेंद्र यादव उर्फ भैया यादव की पत्नी रश्मि यादव (40) बुधवार की शाम को घर में अकेली थी। उसकी बेटी दसवीं में पढ़ती है जो ट्यूशन पढ़ने गई थी। जबकि बेटा अन्य जनपद में पढ़ता है। शाम को साढ़े पांच बजे जब बेटी वंशिका चार पहिया वाहन से ड्राइवर के साथ लौटी और घर के अंदर गई तो उसने अपने मां रश्मि को कमरे में छत के कुंदे पर साड़ी के फंदे पर लटका देखा, जिस पर वह चीखने चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर कार ड्राइवर अंदर गया और सभासद को फोन करके घटना की जानकारी दी। जिस पर वह तत्काल घर पहुंचा और पत्नी को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका का मायका मध्य प्रदेश के दतिया जिला के दिनारा में है और परिजनों ने मृतका के मायके वालों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल पूर्व सभासद ने बताया कि उसकी पत्नी घर पर अकेली थी और वह अपने फार्म हाउस पर गया था, जहां उसके ड्राइवर ने फोन पर घटना की जानकारी दी। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।