ललितपुर। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने सदर विधायक को ज्ञापन सौंपकर गल्ला मंडी के अंदर और बाहर असमानता दूर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मंडी शुल्क पूर्णत: समाप्त होने से भ्रष्टाचार का भी सफाया हो जाएगा।
प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र जैन मयूर ने सदर विधायक रामरतन कुशवाहा को ज्ञापन सौपते हुए कहा कि मंडी शुल्क दो रुपये प्रति बोरा लगा दिया जाए और मूल्य में प्रति सैकड़ा मंडी शुल्क नहीं लगाया जाए तो इससे भ्रष्टाचार नहीं हो सकेगा। गल्ला, गुड़, दलहन, तिलहन, किराना, सब्जी, फल आदि का व्यापार बिना मंडी शुक्ल के मंडी के बाहर कहीं पर किया जा सकता है। अनावश्यक लिखा पढ़ी से भी व्यापारियों को राहत मिली है, जिसका व्यापारी स्वागत करते हैं। ज्ञापन पर अनिल अंचल, नितिन अग्रवाल, अशोक अनौरा, जिनेंद्र जैन, विजय जैन, पंकज बिरधा, अजय जैन, आनंद कुमार जैन, सनत कुमार जैन आदि के हस्ताक्षर बने हैं। उधर, जिलाध्यक्ष प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि एक जुलाई सुबह दस बजे श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ को ज्ञापन सौपा जाएगा। उन्होंने सभी से विजय जैन की दुकान बुंदेला निवास के सामने उपस्थित होने के लिए कहा है।