ललितपुर। सोमवार को डीएम अन्नावि दिनेश कुमार ने पुलिस विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के प्रयोग न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। इस दौरान समीक्षा में बताया कि सोमवार को 1445 टेस्ट किए गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। साथ ही एक संक्रमित मरीज को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है। अब तक 3414 मरीज डिस्चार्ज किए गए। वर्तमान में 17 एक्टिव केस हैं।
डीएम ने सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करने व ब्लॉक स्तर पर आयोजित हो रहे टीकाकरण सत्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कोविड अस्पतालों में नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन व्यवस्थाओं की निगरानी कर, संक्रमित से लगातार संपर्क कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए। कांटेक्ट ट्रेसिंग में अधिक आयु के मरीजों की अधिक से अधिक कांटेक्ट करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क के प्रयोग न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर विकास विभाग व पंचायती राज विभाग को क्षेत्रों में संचारी रोगों के संक्रमण को रोकने के लिए रोस्टर तैयार कर सफाई अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक लवकुश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. डीके गर्ग, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. राजेश भारती मौजूद रहे।