ललितपुर। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान द्वारा वर्ष-2019 के दिए जाने वाले सम्मानों भारत-भारती सम्मान, लोहिया साहित्य सम्मान, हिंदी गौरव सम्मान, महात्मा गांधी साहित्य सम्मान, दीन दयाल उपाध्याय साहित्य सम्मान, अवंती बाई साहित्य सम्मान, साहित्य भूषण, लोक भूषण, कला भूषण, विद्या भूषण, विज्ञान भूषण, पत्रकारिता भूषण, प्रवासी भारतीय हिंदी भूषण, बाल साहित्य भारती सम्मान, सौहार्द सम्मान, हिंदी विदेश प्रसार सम्मान, विश्वविद्यालय स्तरीय सम्मान, मधुलिमये साहित्य सम्मान, राजर्षि पुरुषोत्तमदास टंडन सम्मान, विधि भूषण सम्मान तथा पं. श्रीनारायण चतुर्वेदी साहित्य सम्मान के लिए साहित्यकारों/साहित्यिक संस्थाओं से संस्तुति प्रपत्र के साथ संस्तुतिकर्ता का स्पष्ट नाम व पता दूरभाष सहित संलग्न होना अनिवार्य है।
निर्धारित तिथि के उपरान्त प्राप्त संस्तुतियों पर विचार नहीं किया जाएगा। सभी विधाओं की श्रेष्ठतम पुस्तकों/प्रविष्टियों पर पचहत्तर-पचहत्तर हजार रुपये के नामित पुरस्कार देय होंगे। मूल्यांकन में द्वितीय स्थान पाने वाली पुस्तकों/ प्रविष्टियों पर चालीस-चालीस हजार रुपये के सर्जना पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कारार्थ पुस्तकों/प्रविष्टियों को चार-चार प्रतियों में तथा पत्रिकाओं की वर्ष 2019 में प्रकाशित सभी अंकों की 4-4 प्रतियां प्रविष्टि के साथ ‘पुरस्कार संबंधी’ शीर्षक से निदेशक, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, राजर्षि पुरुषोत्तमदास टंडन हिंदी भवन, 6-महात्मा गांधी मार्ग, लखनऊ-226001 को भेजी जाएगी, जिसकी अन्तिम तिथि 13 जनवरी है।