ललितपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस द्वारा दो दिन में 1250 लीटर अवैध शराब बरामद करने के साथ ही 40 हजार लीटर लहन नष्ट किया है। साथ ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में विभिन्न थाना क्षेत्रों के तहत अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी तहत बीते रोज मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने मऊमाफी डेरा पर भारी पुलिस बल के साथ छापामार कार्रवाई की गई, जिसके तहत पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट करने के साथ ही टंकियों में भरा हुआ करीब बीस हजार लीटर लहन नष्ट किया गया और मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, बुधवार को भी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब के गढ़ चीरा डेरा में क्षेत्राधिकारी सदर केशवनाथ, थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला एवं अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छापामारी की। जहां मौके पर अवैध शराब की दो भट्टियों को तोड़कर नष्ट कर दिया, जबकि प्लास्टिक की टंकियों में भरा हुआ करीब बीस हजार लीटर लहन को नष्ट कर दिया। यहां से पुलिस ने कुल करीब 750 लीटर अवैध कच्ची शराब को बरामद किया। इस प्रकार कोतवाली पुलिस ने दो दिनों में 1250 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए 40 हजार लीटर लहन नष्ट किया है और दोनों स्थानों से कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।