महरौनी/ललितपुर। कोतवाली महरौनी पुलिस ने बीते रोज 16 जून को क्षेत्र के ग्राम चढ़रऊ मेें नहर के पास दो पिकअप वाहन में क्रूरता पूर्वक लादकर ले जा रहे ग्यारह पशुओं को घेराबंदी करते हुए बरामद करते हुए वाहनों से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ पशू क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली महरौनी में तैनात उपनिरीक्षक नबाब सिंह हमराही सिपाहियों के साथ क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे, इसी दौरान सूचना ग्राम चढ़रऊ में नहर की पुलिया की ओर दो पिकअप वाहनों में अवैध रूप से पशुओं को लादकर ले जाने की सूचना मिली, जिस पर वह अपनी टीम के साथ ग्राम चढ़रऊ पहुंचे, जहां दो पिकअप वाहन आगे जा रहे थे, जिन्हें घेराबंदी करते हुए रोक लिया और तलाशी ली तो उसमें ग्यारह छोटे व बड़े पशुओं को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था। जबकि दोनों वाहनों से पांच आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेते हुए उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि यह पशु लोग गांव में आवारा छोड़ देते हैं, जो फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, इसलिए इन पशुओं को वे गोशाला में छोड़ने जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम महरौनी क्षेत्र के ग्राम कारीसा निवासी अमर सिंह लोधी, बलवीर सिंह लोधी, ग्राम बजर्रा निवासी मगन अहिरवार, सुरेश अहिरवार एवं ग्राम जरया निवासी विक्रम अहिरवार बताए। महरौनी पुलिस ने उक्त मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ पशू क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।