तिकुनियां-निघासन (लखीमपुर खीरी)। तिकुनियां के गांव दुमेडा निवासी एक युवक पर बाघ ने उस समय हमला कर दिया, जब वह मवेशी चराने के लिए गया था। घायल युवक को निघासन सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ग्राम पंचायत मजरा पूरब के गांव दुमेडा निवासी इतवारी यादव का 15 वर्षीय पुत्र उमाशंकर यादव अपने पशुओं को लेकर गांव के बाहर स्थित खेत में मंगलवार दोपहर तीन बजे चराने ले गया था। इस बीच जंगल से निकले बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। इस दौरान पड़ोस में काम कर रहे लोग उसकी ओर हाथ में धारदार हथियार लेकर दौड़ पड़े, जिसके बाद बाघ उमाशंकर को छोड़कर जंगल में भाग गया। उमाशंकर यादव के चोटें आई हैं। सूचना पर वन विभाग ने उमाशंकर को इलाज के लिए भेजा है। बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। उत्तर रेंज निघासन के रेंजर विमलेश कुमार ने बताया कि कर्तनिया घाट के जंगल से बाघ आया है। ग्रामीणों को आगाह कर दिया गया है। बीते दो माह में बाघ तीन लोगों पर हमला कर मौत के घाट उतार चुका है, जबकि दो युवकों को घायल कर चुका है। अब तक नौ मवेशी बाघ के हमले से मर चुके हैं।