UP Nikay Chunav: चुनावी सभा में बोले सीएम योगी- एयर कनेक्टिविटी से जुड़ेगा लखीमपुर, पर्यटन से बढ़ेगा रोजगार
CM Yogi in Lakhimpur : निकाय चुनाव में प्रचार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखीमपुर पहुंचे। शहर के जीआईसी ग्राउंड में उन्होंने जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से वोट की अपील की।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखीमपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने एलान किया कि लखीमपुर खीरी को जल्द ही एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पलिया हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में विकसित किया जाएगा। सीएम ने गोला गोकर्णनाथ में छोटी काशी कॉरिडोर के जल्द निर्माण पूरा होने का भी जिक्र किया। उन्होंने केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार का जिक्र कर लोगों से निकाय चुनाव में भाजपा को जिताकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की अपील की।
चार नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों वाले लखीमपुर खीरी जनपद में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगने आए सीएम योगी का हेलिकॉप्टर तय समय पर दोपहर एक बजे पुलिस लाइन के हेलिपैड पर उतरा। यहां से वह कार से सीधे जीआईसी ग्राउंड पहुंचे। यहां मंच पर जिले के आठों विधायक और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। करीब 18 मिनट के अपने भाषण में सीएम योगी ने पलिया क्षेत्र पर विशेष फोकस रखा।
सपा-बसपा पर साधा निशाना
सीएम योगी ने सबसे पहले गोला के पौराणिक शिव मंदिर को याद किया। इसके बाद कहा कि जनपद के विकास को लेकर प्रदेश सरकार ने विस्तृत योजना तैयार की है। कहा कि यहां का अन्नदाता किसान लोगों के पेट भरने का काम करता है। गन्ना उत्पादन का जिक्र कर सीएम ने कहा कि खीरी की चीनी से लोगों की जुबान पर मिठाई का स्वाद आता है। लेकिन, इससे पहले की सपा और बसपा सरकारों ने जिले के विकास को फेल किया। दुधवा नेशनल पार्क हो या इकोटूरिज्म हर स्तर पर इस जिले की उपेक्षा हुई है। भाजपा की सरकार आने के बाद से जिले में विकास कार्यों को रफ्तार मिली है।
सीएम योगी ने एलान किया कि इको टूरिज्म के विस्तार से यहां हजारों पर्यटक आएंगे। इसको ध्यान में रखते हुए लखीमपुर को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा। इसके लिये पलिया हवाई पट्टी को एयरपोर्ट में विकसित किया जाएगा। इससे हजारों पर्यटक आएंगे, होटल खुलेंगे और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। दुधवा और इको टूरिज्म के विकास से जनपद देश और दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करेगा। विकसित लखीमपुर होने से यहां की मंडियों में किसानों को यहीं पर फसलों का अच्छा दाम मिलेगा।
दिवंगत अरविंद गिरि को दी श्रद्धांजलि
सीएम योगी ने कहा कि शिव नगरी गोला गोकर्णनाथ में छोटी काशी कॉरिडोर का काम चल रहा है। कॉरिडोर का काम पूरा होने से दिवंगत विधायक अरविंद गिरि को श्रद्धांजलि होगी। कहा कि धार्मिक व तीर्थ स्थल न सिर्फ राष्ट्रीय एकता और कला का मार्ग प्रशस्त करते हैं बल्कि इनसे जुड़े तमाम लोगों के पेट भरने का भी काम करते हैं। सीएम ने काशी विश्वनाथ मंदिर का जिक्र कर कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की ताकत बना है। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी की ओर दुनिया आकर्षित हो रही है।
'भाजपा सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि की प्रतीक'
सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा कि भाजपा सरकार सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि की प्रतीक है। सुरक्षा व सुशासन का वातावरण होने से जनता भी भाजपा से जुड़ने का प्रयास करती है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी की इच्छाशक्ति से लाखों गरीबों को आवास मिला है, शौचालय मिला है। अब सरकार ने होली और दिवाली पर उज्जवला योजना की पात्रों मुफ्त सिलिंडर भी दे रही है।
बिगड़ा मौसम तो जल्द खत्म की सभा
सीएम योगी की जनसभा के दौरान बादल छाने व तेज हवा चलने पर उन्होंने अपने भाषण को संक्षिप्त रूप देते हुए कहा कि इंद्रदेव की कृपा रही तो भाषण चलेगा और भाजपा जीतेगी। सीएम योगी से पहले पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने भी जनसभा को संबोधित किया। जिले के प्रभारी मंत्री आशीष पटेल भी मंच पर मौजूद रहे।