लखीमपुर खीरी: झांकी कार्यक्रम में लड़ते हुए घुसे दो सांड़, मची अफरातफरी, महिलाओं-बच्चों समेत 10 घायल
लखीमपुर खीरी के ओयल कस्बे में आयोजित झांकी कार्यक्रम में उस वक्त दहशत फैल गई, जब दो सांड़ लड़ते हुए लोगों के बीच घुस आए। सांड़ों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना में बच्चों और महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के ओयल कस्बे में विजयदशमी के दिन नगर पंचायत कार्यालय के सामने आयोजित झांकी कार्यक्रम में दो सांड़ लड़ते हुए लोगों के बीच घुस गए, जिससे वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। इससे बच्चों-महिलाओं समेत 10 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को निजी वाहनों से कमेटी व आसपास के लागों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद नौ लोगों को घर भेज दिया गया।
यह घटना देर रात करीब दस बजे की है। उस समय सैकड़ों श्रद्धालु झांकियां देखने के लिए जमा हुए थे। भीड़ के बीच अचानक दो सांड़ लड़ते हुए घुस आए। सांड़ों की लड़ाई से वहां अफरा-तफरी और भगदड़ जैसे हालात बन गए। सांड़ों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इससे बच्चों और महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गए।
आनन-फानन आसपास झांकी देख रहे लोगों और कमेटी सदस्यों ने सभी घायलों को निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नौ लोगों को घर भेज दिया गया। हालांकि, अजमतुन (28) को कमर में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
घायलों का विवरण
घायलों में नगर पंचायत के मोहल्ला एकता नगर की सभासद सीता देवी (50) और शीला देवी (50) शामिल हैं। संदीप शर्मा (28) को भी चोटें आई हैं। जुलाहन टोला की राजकुमारी (30) और ओयल देहात साड़ीनामा की लक्ष्मी देवी (12) भी घायल हुई हैं। मुराउन टोला से ऊषा देवी (42), राधा (45), अजमतुन (28), लकी (3) और दिव्या (5) भी घायल हुए हैं। अजमतुन को गंभीर चोट आई है।