मैलानी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मैलानी जंक्शन पर टिन शेड विस्तारीकरण का काम शुरू हो गया है। इससे जल्द ही स्टेशन का कायाकल्प होने की उम्मीद है।
रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना में लखीमपुर, गोला और मैलानी स्टेशन का चयन हुआ है। इसी योजना के तहत तीनों स्टेशनों का कायाकल्प किया जाना है। योजना के तहत ही मैलानी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर टिन शेड का विस्तारीकरण किया जा रहा है। नौ नवंबर को मैलानी-शाहगढ़ रेलखंड पर ट्रेन संचालन के उद्घाटन को आए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा था कि अमृत भारत योजना के तहत साढ़े सत्रह करोड़ की लागत से मैलानी जंक्शन का कायाकल्प किया जाएगा।
रेलवे स्टेशन के सामने बड़ा सा खुला स्पेस होगा, जिसमें पार्किंग के अलावा सुंदर पार्क भी बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए स्टेशन के आसपास स्थित क्वार्टर और डाकखाने के भवन का ध्वस्तीकरण किया जाएगा। इसके अलावा स्टेशन पर एक्सलेटर, बेहतर लाइटिंग, डिस्प्ले बोर्ड, प्लेटफार्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन फसाड, कोच गाइडेंस सिस्टम, डिजिटल घड़ियां, उद्घोषणा प्रणाली, प्रतीक्षालयों, शौचालयों का आधुनिकीकरण आदि किया जाएगा।

मैलानी जंक्शन में टिन शेड विस्तारीकरण के काम में जुटे श्रमिक