ममरी। मोहम्मदी रेंज क्षेत्र के सुंदरपुर गांव के पास बाघ ने खेत में घास चर रहे बछड़े पर हमला कर मार डाला।
ग्राम पंचायत इब्राहिमपुर ग्रंट के पूर्व प्रधान पति रामकुमार वर्मा, लालता प्रसाद वर्मा, रामविलास आदि ग्रामीणों ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह बाघ ने सुंदरपुर गांव के उत्तर खेत में घास चर रहे बछड़े पर हमला कर मार डाला था। लोग अभी यह घटना भुला भी नहीं पाए थे कि शुक्रवार सुबह बाघ ने रामविलास चौधरी के खेत में घूम रहे बछड़े पर हमला कर दिया और मार डाला।
बाघ के हमलों से गांव वालों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग खेतों की ओर तो बच्चे स्कूल जाने से घबरा रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे फॉरेस्टर प्रज्ज्वल मिश्रा, वनरक्षक अभिषेक वर्मा आदि वन कर्मियों ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि बाघ ने अपना ठिकाना कठिना नदी की जारी में बना रखा है। जो पशुओं को अपना निशाना बना रहा है। जिसकी निगरानी कराई जा रही है। उन्होंने गांव वालों को सतर्क रहने खेतों में समूह बनाकर जाने की सलाह दी है।