{"_id":"6af75d4a3f7a50c88609a635","slug":"tiger-collides-with-car-family-saved-by-airbag-deployment-lakhimpur-news-c-120-1-lkh1010-189742-2026-11-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"अपडेट : कार से टकराया बाघ, एयरबैग खुलने से बचा परिवार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अपडेट : कार से टकराया बाघ, एयरबैग खुलने से बचा परिवार
Sat, 14 Nov 2026 12:26 AM IST
बरेली ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी
Updated Sat, 14 Nov 2026 12:26 AM IST
विज्ञापन
कॉम्बिग करती वन विभाग की टीम, क्षतिग्रस्त कार।स्रोत :- संवाद
- फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन
मैगलगंज (खीरी)। नेशनल हाईवे-30 पर लखीमपुर खीरी और हरदोई जिले की सीमा के पास हरदोई के जहानीखेड़ा क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात सड़क पार कर रहे बाघ की अर्टिगा कार से टक्कर हो गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन एयरबैग खुलने से कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया।
टक्कर के बाद बाघ सड़क किनारे गिर पड़ा। कुछ देर बाद उठकर पास के गन्ने के खेत में भाग गया। सूचना पर हरदोई और लखीमपुर वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाश शुरू की।
विज्ञापन
हादसा रात करीब 12 बजे महमूदपुर सरैयां क्षेत्र में सिंह ढाबे के पास हुआ। उत्तराखंड के कैंची धाम जा रहे मैगलगंज निवासी डॉ. अशोक विश्वकर्मा का परिवार अर्टिगा कार से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पार कर रहा बाघ कार से टकरा गया। डॉ. अशोक विश्वकर्मा ने बताया कि टक्कर से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन एयरबैग खुलने से सभी लोग बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद बाघ गन्ने के खेत में चला गया। इसके बाद परिवार घर लौट गया।
विज्ञापन
सूचना पर जहानीखेड़ा चौकी प्रभारी प्रभात कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एनएचएआई की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया गया। घटना के बाद सरैया, बंदीपुरवा, पसिंगवां माफी, जहानीखेड़ा, जंगबहादुरगंज और धामापुर समेत आसपास के गांवों में सतर्कता बरतने की अपील की गई।
कॉम्बिंग और ड्रोन से तलाश, नहीं मिली लोकेशन
घटना की सूचना पर मोहम्मदी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी निर्भय प्रताप शाही, मैगलगंज और हरदोई रेंज के अधिकारी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने बरबर बीट के आसपास गन्ने के खेतों में कॉम्बिंग शुरू कर दी। ड्रोन कैमरे से भी बाघ की तलाश की जा रही है, लेकिन उसकी लोकेशन नहीं मिली है।
ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग और पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों से अंधेरे में अकेले बाहर न निकलने, बच्चों को अकेले न भेजने और मवेशियों को खुले में न छोड़ने की अपील की है। बाघ या उसके पगमार्क दिखाई देने पर भीड़ न लगाने और तत्काल 112 या स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना देने को कहा है। घायल होने की आशंका के चलते बाघ के आक्रामक होने की संभावना जताई जा रही है।
मोहम्मदी रेंजर निर्भय प्रताप शाही ने बताया कि अभी यह कहना मुश्किल है कि कार से टकराने वाला जानवर बाघ ही है। हालांकि, मौके पर बाघ के पैरों के निशान मिले हैं। उसकी लोकेशन लेकर जांच की जा रही है। डीएफओ तापस मिहिर ने बताया कि घटना हरदोई जिले में हुई है। सूचना पर जिले की टीम भी मौके पर गई थी। जांच की जा रही है।
