नाबालिग से दरिंदगी: खेत में मिला लड़की का शव, गले में कसा दुपट्टा और जख्मी आंख देख पिता ने अनहोनी की जताई आशंका
किशोरी मंगलवार की दोपहर शौच के लिए घर से बाहर गई थी। गांव के बाहर बकरी चरा रहे बच्चों ने एक व्यक्ति के खेत में किशोरी का शव देखने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विस्तार
लखीमपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की दोपहर शौच के लिए घर से बाहर गई 14 वर्षीय किशोरी की हत्या कर दी गई। उसका शव गांव के पास खेत में बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजन ने हत्या से पहले किशोरी के साथ दुष्कर्म की बात कही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी मंगलवार की दोपहर शौच के लिए घर से बाहर गई थी। कई घंटे तक वापस न लौटने पर परिजन को चिंता हुई तो उसकी खोजबीन शुरू की। काफी ढूंढने के बाद परिजन सफल नहीं हुए। इस दौरान गांव के बाहर बकरी चरा रहे बच्चों ने करीब तीन बजे एक व्यक्ति के खेत में किशोरी का शव देखने के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी। किशोरी के गले में दुपट्टा कसा हुआ था, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, जबकि उसकी आंख में भी गहरी चोट है।
मृतका के पिता ने दुष्कर्म करने के बाद हत्या का आरोप लगाया है। किशोरी की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है। खेत के पास लोगों का भीड़ जमा हो गई। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर कोतवाली पुलिस बल व आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धौरहरा, हरगांव, खीरी व कोतवाली पुलिस बल गांव में लगा दिया गया है।
मामले की जांच की जा रही है। मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने पर होगी। गांव में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
- संदीप सिंह, सीओ सिटी