फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lakhimpur Kheri News ›   Shiva devotees performed Jalabhishek, Rudrabhishek in Pagoda

शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक, शिवालयों में हुए रुद्राभिषेक

Thu, 11 Mar 2021 11:53 PM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Thu, 11 Mar 2021 11:53 PM IST
विज्ञापन
Shiva devotees performed Jalabhishek, Rudrabhishek in Pagoda
लखीमपुर के भुईफोरवानाथ मंदिर में शिवरात्रि पर पूजन करती महिलाएं - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

महाशिवरात्रि पर शिवमय हुई छोटी काशी, घंटा घड़ियाल, बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा वातावरण

विज्ञापन
गोला गोकर्णनाथ। महाशिवरात्रि पर छोटी काशी शिव भक्ति से सराबोर रही। पौराणिक शिव मंदिर के कपाट ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे भक्तों के दर्शनार्थ खोले गए थे, जिसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ दिन चढ़ते ही बढ़ती गई।
हाथों में पुष्प, बेलपत्र, शमीपत्र, भांग, धतूरा, दुग्ध, शहद, गंगाजल, गन्ने का रस, बेर आदि पूजन सामग्री से सजी थाली लेकर पंक्तिबद्ध शिवभक्त ऊँ नम: शिवाय का जाप करते रहे। कई बैरिकेडिंग पार करने के बाद शिव भक्तों ने पौराणिक शिव मंदिर गर्भ गृह के द्वार पर भगवान श्रीगणेश, नंदी का पूजन कर अंदर प्रवेश किया। हर हर बम बम का उद्घोष करते हुए भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। बोल बम और घंटानिनाद से दिन-रात मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
विज्ञापन

श्रद्धालुओं ने लगाई गोकर्ण तीर्थ में डुबकी

श्रद्धालुओं ने गोकर्ण तीर्थ में श्रद्धा की डुबकी लगाई। एसडीएम अखिलेश यादव, सीओ रवींद्र कुमार वर्मा और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे के नेतृत्व में चार थानों का पुलिस बल अलग-अलग प्वाइंट पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा। वहीं पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल के दिशा निर्देशन में प्रधान लिपिक राजेश वाजपेयी के नेतृत्व में नगर पालिका के कर्मचारी मेला कार्यालय से लेकर मंदिर तीर्थ परिसर में व्यवस्था में जुटे रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

नंगे पांव कांवड़ में गंगाजल लेकर शिव को मनाने आए शिवभक्त

महाशिवरात्रि पर आकर्षक कांवड़ों ने शिव भक्तों का मन मोह लिया। नगर निवासी रामऔतार, दिनेश, रामपाल, वेदप्रकाश, महावीर प्रसाद, विपिन गुप्ता, प्रमोद गुप्ता सहित कई श्रद्धालुओं की टोलियां फर्रुखाबाद, गंगाघाट से कांवड़ में गंगाजल भरकर भोले का जलाभिषेक करने पहुंचीं।

पुरोहितों का किया सम्मान

गंगा जमुनी संस्कृति और धार्मिक आस्था को लेकर छोटी काशी का अलग ही स्थान है। महाशिवरात्रि पर जगह जगह शिव भक्तों ने भंडारे लगाकर प्रसाद वितरण किया। सदस्यों ने पुरोहितों, जरूरतमंदों को वस्त्र दान किए।

प्राचीन क्लेशहरण शिवालय पर भक्तों की रही भीड़

ममरी। छोटी काशी चार किमी दूर खुटार रोड पर अहमदनगर में प्राचीन भगवान क्लेशहरण शिवालय है। शिवभक्तों ने महाशिवरात्रि पर विशेष आयोजन किया। ब्रह्म मुहूर्त से लेकर देर रात तक भक्तों का पूजन अर्चन का क्रम चला। पंडित आनंद शास्त्री ने पुजारी विष्णु गिरि, मोहित गिरि के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। इस मौके पर रवि गिरि, भगवान गिरि, प्रभात, गौरव वर्मा, शिशुपाल, लोकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।

भगवान टेढ़ेनाथ धाम पर शिव भक्तों की रही धूम

अमीरनगर। महाशिवरात्रि पर प्राचीन भगवान टेढ़ेनाथ धाम पर शिवभक्तों की धूम रही। सुरक्षा व्यवस्था में सीओ मोहम्मदी अभयमल, प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश त्रिपाठी, चौकी इंचार्ज लल्ला गोस्वामी मौजूद रहे। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी विजय ढुल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

गायत्री महायज्ञ में उमड़े श्रद्धालु

भीखमपुर। बैबहा गांव में हो रहे सात दिवसीय गायत्री महायज्ञ में महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं भीड़ उमड़ी। परिक्रमा, यज्ञ में आहुतियां डाल श्रद्घालुओं ने पुण्य कमाया। रासलीला में कलाकारों ने सती विवाह का मंचन, महारास नृत्य, मयूर नृत्य का मंचन कर मन मोह लिया। इस मौके पर रविकांत दीक्षित, प्रेमकुमार, मुकुल, अशोक, सूरज, राकेश बाजपेयी, रमाकांत आदि मौजूद रहे।

फकीरबाबा स्थान पर शिवभक्तों ने किया रुद्राभिषेक

जमुनाबाद फार्म के ब्लाक नंबर दो स्थित फकीर बाबा के शिवमंदिर, पौराणिक शिव मंदिर गजमोचन नाथ में महेश कनौजिया, लक्ष्मीकांत शास्त्री आदि श्रद्घालुओं ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराया। रजागंज में पटेल जगदीश वर्मा ने भंडारा कराया। बिझौली, पिपरिया, संसारपुर, अलीगंज आदि स्थानों पर श्रद्घालुओं ने शिवपूजन, भंडारा कराया।

निर्माण कार्य के चलते भक्तों को आने-जाने में हुई परेशानी

मिल डायवर्जन रोड पर निर्माण कार्य लोगों के आवागमन में व्यवधान डालता रहा। साथ ही नगर का रूट डायवर्जन की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे पूरे दिन सदर चौराहा, शिवम चौराहा, अंबेडकर तिराहे पर जाम की स्थिति रही। गन्ना भरे वाहन बेधड़क निकलते रहे। उधर, स्थानीय प्रशासन से लेकर डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसपी विजय ढुल सहित अधिकारियों ने तीर्थ परिसर का कई बार निरीक्षण किया।

महाशिवरात्रि पर मंदिरों में शिव भक्तों का लगा रहा तांता

पलियाकलां। पांडेय बाबा मंदिर स्थित शिव मंदिर में भक्तों को लाइन लगाकर पूजा अर्चना करनी पड़ी। भक्तों ने मंदिरों में पहुंच कर शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा, भांग, गन्ना, बेर, शहद, दूध-दही, गंगाजल, प्रसाद चढ़ा कर पूजा-अर्चना कर पुण्य कमाया।
संपूर्णानगर। श्री दुर्गा मंदिर, टीचर्स कॉलोनी स्थित शनि मंदिर, सिंगाही खुर्द स्थित शिव मंदिर, भुईंया माता मंदिर, मिल के शिव मंदिरों के साथ ही मुरारखेड़ा, बमनगर, रानीनगर, बसही, खजुरिया आदि में भक्तों ने पूजा अर्चना की। इसके अलावा भक्तों ने सबील लगाकर ठंडाई और भांग के शर्बत का वितरण किया।
धनगढ़ी-नेपाल। भारतीय सीमा से लगे धनगढ़ी उप महानगर पालिका के वार्ड चार स्थित उत्तर बेहड़ी के शिवपुरी धाम में 108 फीट ऊंचे शिवलिंग के दर्शन को सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही।
बांकेगंज। श्रद्धालुओं ने बांकेश्वर महादेव मंदिर पर विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस मौके पर बालाजी मंदिर पर भंडारा हुआ। भक्तों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। इस मौके पर सुशील भार्गव, रवि जायसवाल, राजू जायसवाल, लालू, शुभांगी भार्गव आदि मौजूद रहे।

पिपरिया धनी में हुआ भंडारा

रेहरिया। पिपरिया धनी गांव में महाशिवरात्रि पर निवर्तमान प्रधान वैशाली गुप्ता ने भंडारा कराया। मंदिर पर हुए कन्या भोज, भंडारा में भक्तों को बैठाकर प्रसाद ग्रहण कराया। व्यवस्था में सचिन गुप्ता, बबलू गुप्ता, डीवी यादव, रोहित गुप्ता, परवीन कुमार, पहाड़ी, पुष्पेंद्र कनौजिया आदि लगे रहे।

मूड़ा सवारान। देवस्थान रानीगंज में महाशिवरात्रि पर शिव बरात, कन्या भोज, भंडारा का आयोजन विकास सोनी ने किया। देवस्थान पर शिव बारात निकालकर रुद्राभिषेक किया गया। रुद्राभिषेक के बाद हुए कन्याभोज, भंडारे में गांव सहित क्षेत्र के कई लोगों ने भाग लिया। महिलाओं ने मंगल गीत गाए। इस मौके पर सचिन सोनी, कमलेश गुप्ता, प्रमोद सोनी, सुशील सोनी, जहेंद्र भार्गव, पंकज सोनी आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed