Lakhimpur Kheri: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, करंट लगने से सात कांवड़िये झुलसे
लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम हादसा हो गया। कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे करंट लगने से सात कांवड़िये झुलस गए।
विस्तार
लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली के परौरी गांव से गोला जा रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। ट्रॉली से करंट उतरने से सात कांवड़िये झुलस गए। इनमें एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने पीड़ित कांवड़ियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परौरी निवासी कुछ ग्रामीण मंगलवार को कांवड़ लेकर गोला के लिए रवाना हुए थे। वह लालपुर चौराहे के आगे पहुंचे ही थे, तभी उनकी ट्रैक्टर-ट्ऱॉली लटक रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। ट्रॉली पर बैठे और उसे पकड़ कर चल रहे सात कांवड़िये करंट लगने से झुलस गए।
पीड़ित में शिवम (16) पुत्र महेश, विकास (13) पुत्र मल्लू, रवि पुत्र सत्यवान, सुमित पुत्र रमेश निवासी निघासन, गोविंद (7) पुत्र अनिल ग्राम कोष्टवा, विनय (15) पुत्र लेखराम, पवन (18) पुत्र बहादुर शामिल हैं। पवन की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी, सदर कोतवाल हेमंत राय मौके पर पहुंचे और झुलसे कांवड़ियों का हाल-चाल जाना।
जलाभिषेक के बाद लौट रहे दो कांवड़िये हादसे में घायल
सिंगाही में पतरासी और शारदानगर के बीच मंगलवार को दो ट्रॉलियों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें छोटी काशी से जलाभिषेक कर लौट रहे दो कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में सिंगाही निवासी मोहन कश्यप का एक पैर कटकर अलग हो गया। नीरज कश्यप के पैर की हड्डी टूट गई। साथी कांवड़ियों ने मोहन के कटे पैर पर कपड़ा बांधकर खून रोकने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची शारदानगर पुलिस ने घायलों को तत्काल ओयल सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मोहन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्राॅलियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।