लखीमपुर खीरी। लापरवाह पुलिसकर्मियों के लिए यह खबर अच्छी नहीं है। चोरी-छुपे गायब होने और देर सवेर ड्यूटी पर आने वाले पुलिसकर्मियों पर एसपी ने शिकंजा कस दिया है। अब थाना और चौकियों पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों की प्रतिदिन शाम सात बजे थाना व चौकी प्रभारी गणना करेंगे। गणना की फोटो एसपी को भी व्हाट्सएप ग्रुप पर उपलब्ध करानी होगी। थाना व चौकियों पर तैनात कुछ लापरवाह पुलिसकर्मी मनमानी करते थे। ड्यूटी पर समय से नहीं आते थे। चोरी छुपे गायब होना और लेटलतीफ आना उनकी आदत में शामिल था।
एसपी पूनम ने ऐसे पुलिसकर्मियों पर शिकंजा कसा है। अब थाना, चौकियों और यूपी ११२ की पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मियों की थाना व चौकियों पर प्रतिदिन शाम गणना होगी। संबंधित थानों व चौकियों की पीआरवी, एसआई और सिपाही अपने थाने व चौकियों पर प्रतिदिन शाम सात बजे एकत्र होंगे। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए संबंधित थाना और चौकी प्रभारी सभी पुलिसकर्मियों की गणना करेंगे। चौकी प्रभारी गणना की फोटो अपने थाने के व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजेंगे। संबंधित थाना प्रभारी थाने की गणना की फोटो समेत चौकियों से आई फोटो को व्हाट्सएप ग्रुप पर उच्चाधिकारियों को प्रेषित करेंगे। गणना की अफसर औचक चेकिंग भी करेंगे। सभी पुलिसकर्मी मास्क का प्रयोग करेंगे और गणना के वक्त भी सैनिटाइजर अपने पास रखेंगे। एसपी पूनम ने बताया कि गणना को लेकर सभी सीओ व थाना प्रभारियों को आदेश दे दिए गए हैं। यह व्यवस्था लागू हो गई है।