{"_id":"61606d4b8ebc3e334e1d31f7","slug":"navjot-singh-sidhu-reached-lakhimpur-kheri-said-up-government-is-saving-the-accused-minister-and-his-son","type":"story","status":"publish","title_hn":"लखीमपुर खीरी: मंत्री के इस्तीफे और बेटे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे सिद्धू, बोले- आरोपी को बचा रही है यूपी सरकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लखीमपुर खीरी: मंत्री के इस्तीफे और बेटे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे सिद्धू, बोले- आरोपी को बचा रही है यूपी सरकार
Fri, 08 Oct 2021 09:39 PM IST
Vikas Kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुरखीरी
संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुरखीरी
Published by: Vikas Kumar
Updated Fri, 08 Oct 2021 09:39 PM IST
सार
नवजोत सिंह सिद्धू जब मृतक लवप्रीत के पिता सतनाम सिंह और उनकी माता से मिले तो मृतक के माता-पिता सिद्धू से लिपटकर रो पड़े। उनको भावुक देखकर नवजोत सिंह के भी आंसू छलक उठे। उन्होंने सांत्वना देते हुए अपने को भी उनका ही बेटा समझने की बात कही।
विज्ञापन
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू
- फोटो : amar ujala
विस्तार
तिकुनिया बवाल में मारे गए किसानों को सांत्वना देने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू निघासन में मौन धारण करके धरने पर बैठ गए। उनका कहना है कि जब तक केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी इस्तीफा नहीं दे देते और उनके बेटे आशीष की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक उनका मौन नहीं टूटेगा।
विज्ञापन
सिद्धू शुक्रवार को पलिया के चौखड़ा फार्म में मृतक किसान लवप्रीत के परिजन को सांत्वना देने के बाद शाम को इसी घटना में मारे गए रमन कश्यप के निघासन स्थित घर पहुंचे। उनके साथ पंजाब के एक कैबिनेट मंत्री, तीन विधायक और कई कांग्रेस पदाधिकारी भी थे। करीब बीस मिनट तक उन्होंने रमन की पत्नी, माता-पिता और भाइयों से बात कर उन्हें सांत्वना दी और मदद का भरोसा दिया। सिद्धू ने कहा कि वह प्रियंका और राहुल गांधी से प्रेरित होकर पीड़ित परिवार से मिलने आए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने जो देखा और सुना है वह दिल दहला देने वाला है।
विज्ञापन
रमन के घर से बाहर निकलते ही वह बाहर पड़े टिन शेड के नीचे पड़े तख्त पर धरना देकर बैठ गए। उन्होंने घोषणा की कि तिकुनिया मामले में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी के इस्तीफे और उनके बेटे आशीष मिश्र की गिरफ्तारी होने तक वह मौन धारण कर यहीं धरने पर बैठेंगे। मौके पर मौजूद आईपीएस अफसर सुनील कुमार सिंह, गोला एसडीएम अखिलेश यादव और निघासन एसडीएम ओमप्रकाश गुप्ता सिद्धू को मनाने में जुटे गए, लेकिन वह नहीं माने। बाद में वह उसी तख्त पर लेट गए। घरवालों ने उनके लिए बिस्तर आदि बिछाकर पंखा लगा दिया। उनके बाकी साथी भी वहीं कुर्सियां डालकर बैठे रहे। करीब साढ़े छह बजे सीडीओ अनिल सिंह भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अफसरों ने उन्हें मनाने की कोशिश की लेकिन, वह मंत्री के बेटे की गिरफ्तारी पर अड़े रहे और प्रशासन के सवालों का लिखकर जवाब दिया।
विज्ञापन
सिद्धू से लिपटकर रो पड़े लवप्रीत के माता-पिता
नवजोत सिंह सिद्धू जब मृतक लवप्रीत के पिता सतनाम सिंह और उनकी माता से मिले तो मृतक के माता-पिता सिद्धू से लिपटकर रो पड़े। उनको भावुक देखकर नवजोत सिंह के भी आंसू छलक उठे। उन्होंने सांत्वना देते हुए अपने को भी उनका ही बेटा समझने की बात कही।
जिले के कांग्रेसी पहले से ही रहे तैयार
नवजोत सिंह सिद्धू के आने से पहले ही जिले के भारी संख्या में कांग्रेसियों ने चौखड़ा फार्म में डेरा डाल दिया। सुबह से ही आने की मिल रही सुगबुगाहट के बीच ज्यादातर कांग्रेसी नेता सुबह से ही तैनात दिखाई दिए। जिसके चलते भारी संख्या में वाहनों की भी भीड़ का तांता लगा रहा।
चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस व प्रशासन की पैनी नजर
चौखड़ा में लगातार लवप्रीत के परिजन को सांत्वना देने आ रहे नामीगिरामी हस्तियों के चलते पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। कहीं कोई गड़बड़ी न हो इसलिए पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रही। खुद डीएम अरविंद चौरसिया और एसपी विजय ढुल के साथ ही खुफिया विभाग के अधिकारी भी पूरी तरह से मुस्तैद नजर आए और सुबह से ही चौखड़ा फार्म में आने वालों की खबर लेते रहे।