UP News: लखीमपुर खीरी में गोली मारकर युवक की हत्या, मंगेतर के भाई समेत दो लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
लखीमपुर खीरी में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव फन मॉल के पीछे पड़ा मिला। परिजनों ने युवक की मंगेतर के भाई और उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित फन मॉल के पीछे खून से लथपथ अहमद जान उर्फ आशु (23 वर्ष) का शव बृहस्पतिवार को बरामद हुआ। सुबह टहलने के लिए निकले मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। अहमद जान पलिया क्षेत्र के बेहननपुरवा निवासी था। उसकी शादी शहर के मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी युवती से तय हुई थी। लड़की का भाई शादी का विरोध करता था। परिजनों के मुताबिक लड़की के भाई खुर्शीद ने दोस्तों के साथ मिलकर आशु की गोली मारकर हत्या की है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने खुर्शीद सहित उसके दोस्त के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर मौजूद परिजनों ने बताया कि आशु अपनी बहन को छोड़ने के लिए मोहम्मदी गया था। मंगलवार की सुबह वह घर से निकला और बहन को छोड़कर वह किसी के बुलाने पर लखीमपुर आ गया। अहमद जान शहर के ही मोहल्ला नौरंगाबाद पहुंचा, जहां से उसकी शादी तय हुई थी।
बृहस्पतिवार सुबह आशु का शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आस-पास बारीकी से जांच की और मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त करते हुए परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन पलिया से लखीमपुर के लिए रवाना हो गए। इधर सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने मौका मुआयना किया। मृतक के परिजनों ने नौरंगाबाद निवासी खुर्शीद सहित अयान के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए हत्या किए जाने की बात कही। जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
तीन मोबाइल कर सकते हैं घटना का खुलासा
मृतक की जामा तलाशी के दौरान पुलिस को तीन मोबाइल के साथ ही पर्स से हजारों रुपये की नकदी बरामद हुई। परिजनों के मुताबिक आगामी कुछ महीनों में युवक की शादी होनी थी। इसको लेकर लड़की पक्ष के लोग तो खुश थे, लेकिन लड़की का भाई इस बात से नाराज था। उसने कई बार इसका विरोध भी किया। बताते हैं कि बुधवार की सुबह युवक लड़की के घर आया और जहां से उसे लेकर बाजार गया। खरीदारी के बाद जब वह घर पहुंचा तो लड़की के भाई खुर्शीद ने उसे देख लिया था। बताया जा रहा है कि आशू के सीने पर गोली मारी गई है।
लोगों में चर्चा, शव लाकर यहां फेंका गया
घटना स्थल पर भीड़ में लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे थे। लोगों में इस बात की चर्चा जोरों की थी कि युवक की हत्या कहीं और की गई। घटना को मोड़ने के लिए शव यहां लाकर फेंक दिया गया। लोगों का कहना था कि जहां पर शव मिला, वहां पर आसपास अच्छी खासी आबादी है। अगर गोली चलती तो निश्चित ही किसी न किसी को सुनाई जरूर देती। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गोली मारकर हत्या करने का मालूम पड़ता है। पोस्टमॉर्टम कराया गया है। मृतक के परिजनों ने खुर्शीद और उसके कुछ दोस्तों के नाम तहरीर में दिए हैं। प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।