Lakhimpur Kheri: सिकंद्राबाद में बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत, बारिश के साथ ओलों की बौछार से फसलें चौपट
लखीमपुर खीरी जिले में बेमौसम बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। सिकंद्राबाद क्षेत्र में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
विस्तार
लखीमपुर खीरी जिले में शनिवार से शुरू हुई बारिश ने एक बार फिर मौसम सर्द कर दिया। रविवार को मोहम्मदी और उचौलिया में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है। मौसम की मार से गेहूं और सरसों की बर्बादी देख किसान मायूस हो गए हैं। सिकंद्राबाद क्षेत्र में रविवार की दोपहर बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई।
गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में शनिवार और रविवार को रुक रुककर हुई बारिश से खेतों में तैयार खड़ी सरसों, गेहूं और आलू, गोभी की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खाली पड़े खेतों में पानी भर जाने से गन्ने की बुवाई प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि उनके खेतों में पक्की खड़ी लाही की फसल गिरकर चौपट हो गई है। रोशन नगर, हरगोविंदपुर, महेशपुर आदि स्थानों पर सब्जी की खेती करने वालों का कहना है कि उनके खेत में खड़ी गोभी आलू की फसल बर्बाद हो गई है।
मौसम की मार से किसान परेशान
अमीरनगर क्षेत्र के किसान राजपाल सिंह, रणधीर सिंह, कुलवंत सिंह, हरनेक सिंह, बलजीत सिंह, सरजीत सिंह, नवी शेर खां आदि किसानों का कहना है कि तेज हवा के साथ बारिश होने से गेहूं और लाही की फसल में नुकसान पहुंचा है। इधर, अमीरनगर से देवरिया गांव के लिए आने वाले जर्जर मार्ग पर बारिश का पानी भर जाने से लोगों को आवागमन करने में दिक्कतें उठानी पड़ीं।
बिजुआ क्षेत्र में शुक्रवार की रात से लगातार हो रही बारिश ने रबी की फसलों को बर्बाद कर दिया है। इस दौरान गेहूं की फसल तथा पकी खड़ी लाही की फसल गिर गई है। आलू के खेतों में पानी भर जाने से आलू के सड़ने की स्थिति पैदा हो गई है। क्षेत्र के कई इलाकों में फसलों को काफी नुकसान हुआ है।
ओलावृष्टि से गेहूं और सरसों को नुकसान
मोहम्मदी क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से गेहूं की फसल पलट गई, वहीं आलू की खुदाई भी बंद हो गई है। खेतों में खड़ी सरसों और मटर की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। राजापुर के कृषक राजेंद्र सिंह कहते हैं कि बेमौसम हुई बरसात से गेहूं की फसल और दलहन तिलहन को काफी नुकसान हुआ है।
बिजली गिरने से बुजुर्ग की मौत
सिकंद्राबाद क्षेत्र के गांव अटवा में रविवार दोपहर बारिश के दौरान बिजली गिरने से रामचरन (80) की मौत हो गई। वह घर के बाहर बैठे थे। उनकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी आशीष सहरावत ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।